Lucknow News: भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया 2025-26 को लेकर युवाओं के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी सामने आई है। रक्षा मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अंतर्गत आने वाले महिला मिलिट्री पुलिस (WMP) के पदों का अंतिम चयन परिणाम आधिकारिक तौर पर घोषित कर दिया है।
इस बड़े नतीजे के जारी होने के बाद अब दोनों राज्यों के पुरुष उम्मीदवारों में भी अपने रिजल्ट को लेकर हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि सेना भर्ती मुख्यालय जल्द ही अग्निवीर जनरल ड्यूटी (GD), ट्रेड्समैन, टेक्निकल और स्टोरकीपर जैसे अन्य सभी प्रमुख पदों के परिणाम भी वेबसाइट पर अपलोड कर देगा।
26 हजार से अधिक युवतियों ने कराया था रजिस्ट्रेशन
रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) शांतनु प्रताप सिंह ने इस भर्ती प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण आंकड़े साझा किए हैं। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सेना की आधिकारिक वेबसाइट पर महिला मिलिट्री पुलिस अग्निवीर के पदों के लिए उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से रिकॉर्ड 26,529 युवतियों ने ऑनलाइन आवेदन किया था।
इसके बाद आयोजित की गई देशव्यापी संयुक्त प्रवेश परीक्षा (CEE) में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच केवल 592 महिला उम्मीदवार ही लिखित परीक्षा पास करने में सफल रही थीं। इन सभी सफल महिला अभ्यर्थियों को अगले चरण की कठिन शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेजों की जांच के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था।
एएमसी स्टेडियम में हुआ था कड़ा फिजिकल और मेडिकल टेस्ट
लिखित परीक्षा पास करने वाली युवतियों के लिए इस साल जनवरी महीने में लखनऊ छावनी स्थित प्रसिद्ध एएमसी (AMC) सेंटर स्टेडियम में भव्य भर्ती रैली का आयोजन किया गया था। इस शारीरिक परीक्षण रैली में दोनों राज्यों की कुल 411 शॉर्टलिस्टेड युवतियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया था।
रैली के दौरान हुई कठिन दौड़, ऊंची कूद, लंबी कूद और अन्य कड़े फिजिकल मानकों को पार करते हुए केवल 230 उम्मीदवार ही आगे बढ़ सकीं। इस शारीरिक परीक्षा के बाद मिलिट्री डॉक्टरों की टीम द्वारा किए गए गहन मेडिकल परीक्षण में कुल 117 महिला उम्मीदवारों को पूरी तरह फिट घोषित किया गया था।
मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों के नतीजे आ चुके हैं सामने
महिला मिलिट्री पुलिस का फाइनल रिजल्ट आने के बाद अब उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के लाखों पुरुष अभ्यर्थियों की धड़कनें बढ़ गई हैं। वे अपने रिजल्ट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। देश के कुछ अन्य जोनल मुख्यालयों, जैसे मध्य प्रदेश के कई जिलों के परिणाम सेना की वेबसाइट पर लाइव हो चुके हैं।
परिणामों के सिलसिलेवार तरीके से जारी होने के कारण युवाओं के बीच अपनी मेरिट लिस्ट को लेकर बेचैनी और उत्साह दोनों ही चरम पर है। सेना के सूत्रों का कहना है कि तकनीकी जांच और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के पूरा होते ही यूपी-उत्तराखंड का पुरुष वर्ग का कंबाइंड रिजल्ट भी किसी भी वक्त जारी किया जा सकता है।
अग्निवीर बनने के लिए आवेदनों में आया बंपर उछाल
सेना की इस नई भर्ती योजना के प्रति देश के युवाओं में आकर्षण लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले साल देश में चले ‘ऑपरेशन सिन्दूर’ के बाद अग्निवीर बनने के लिए युवाओं के रुझान में भारी तेजी देखी गई थी। तब अंतिम एक सप्ताह के भीतर ही 25 प्रतिशत से अधिक नए युवाओं ने रिकॉर्ड तोड़ आवेदन किए थे।
पिछले सत्र की भर्ती में जहां उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड से कुल मिलाकर करीब 4.30 लाख युवाओं ने दांव आजमाया था। वहीं, इस मौजूदा साल में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने वाले अभ्यर्थियों का आंकड़ा बढ़कर सीधे 5.60 लाख के पार पहुंच गया है, जो युवाओं में सेना के प्रति बढ़ते इस क्रेज को साफ दर्शाता है।
Author: Ajay Mishra

