Kolkata News: पश्चिम बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बनी नई भाजपा सरकार के हॉकर हटाओ अभियान पर पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बेहद तीखा हमला बोला है। अंतरराष्ट्रीय हॉकर दिवस के मौके पर तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक भावुक और आक्रामक संदेश जारी कर पूरी ताकत से हॉकरों का समर्थन किया।
ममता बनर्जी ने लिखा कि बंगाल में सत्ता में आते ही भाजपा सरकार जिस तरह हॉकरों पर अत्याचार कर रही है, उससे वह स्तब्ध और मर्माहत हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हॉकरों को बेरहमी से उजाड़ा जा रहा है, उनकी दुकानें तोड़ी जा रही हैं और उनकी आंखों के आंसुओं की परवाह किए बिना उन्हें सड़क पर लाया जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह का घोर अत्याचार करने वालों को जनता को जवाब जरूर देना पड़ेगा। उन्होंने फुटपाथ दुकानदारों को भरोसा दिलाते हुए साफ कहा कि वह हमेशा उनके हक के साथ थीं, आज भी हैं और भविष्य में भी मजबूती से उनके साथ खड़ी रहेंगी।
हॉकर हैं जमीनी अर्थव्यवस्था की रीढ़
ममता बनर्जी ने हॉकरों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ये लोग हमारी जमीनी अर्थव्यवस्था की वास्तविक तस्वीर हैं। सड़क किनारे व्यापार करने वाले लोग एक तरफ बड़े उत्पादन तंत्र और आम जनता की जरूरतों के बीच पुल का काम करते हैं, वहीं दूसरी तरफ बेहद सस्ती कीमतों पर जरूरी सामान लोगों तक पहुंचाते हैं।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए टीएमसी सुप्रीमो ने यह भी स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह बेलगाम व्यवस्था के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर शहरी योजना और हॉकरों की इस जीविका व्यवस्था के बीच एक सही संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है, ताकि किसी का रोजगार न छिने।
गौरतलब है कि नई सरकार के गठन के बाद हावड़ा और सियालदह स्टेशन के बाहर बुलडोजर चलाकर बड़े पैमाने पर हॉकरों को हटाया गया है। इस कार्रवाई को लेकर तृणमूल कांग्रेस लगातार सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रही है। पिछले सप्ताह टीएमसी विधायकों ने विधानसभा परिसर में भी इस पर धरना दिया था।
Author: Sourav Banerjee

