Uttar Pradesh News: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में जारी बिजली संकट पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने राज्य की वर्तमान स्थिति को भयंकर महा विद्युत आपदा करार दिया। अखिलेश ने बीजेपी विधायकों और सांसदों के पत्रों को खुद को बचाने वाला दिखावटी कागजी कवच बताया है।
अखिलेश यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट साझा की। उन्होंने कहा कि बिजली संकट से जनता में भारी आक्रोश है। इस गुस्से से डरे बीजेपी नेता अपनी ही सरकार को दिखावटी पत्र लिख रहे हैं। यह कोई जनहित का काम नहीं बल्कि डूबता जहाज छोड़ने की तैयारी है।
सपा प्रमुख ने दावा किया कि ये पत्र असल में आगामी चुनावों के लिए विपक्ष से टिकट पाने का आवेदन पत्र हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हमारे गठबंधन में ऐसे स्वार्थी नेताओं के लिए कोई जगह नहीं है। ये नेता जनता को सिर्फ दुख-दर्द और गंभीर दिक्कतें ही देते हैं।
जानलेवा गर्मी में झुलस रही प्रदेश की जनता
अखिलेश यादव ने बिजली कटौती से परेशान आम लोगों की तकलीफों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस जानलेवा गर्मी में बुजुर्गों, बीमारों और बच्चों की दुर्दशा हो रही है। पानी की किल्लत से महिलाएं परेशान हैं। इन संकटों को सिर्फ एक परिवारवाला इंसान ही बेहतर समझ सकता है।
बीजेपी सरकार की अंदरूनी कलह पर तंज कसते हुए उन्होंने डबल इंजन सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि आपदा में अवसर ढूंढने वालों ने जिस अफसर को तैनात किया था, वह अब खुद आपदा बन चुका है। दोनों इंजन की इस आपसी टकराहट का खामियाजा आखिर प्रदेश की जनता क्यों भुगते?
अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए राज्य के ऊर्जा मंत्री और मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार के पास इस समय पूरी तरह नाकाम हो चुके बिजली मंत्री को हटाने का अच्छा मौका है। वे इस बहाने बहुत समय से चुभ रहे कांटे को आसानी से निकाल सकते हैं।
खजाना भरने में जुटी नाकाम बीजेपी सरकार
सपा प्रमुख ने कहा कि कैबिनेट विस्तार करके कुछ असंतुष्ट नेताओं को समायोजित किया जा सकता है। ये वे नेता हैं जो सत्ता के लालच में अपनी अंतरात्मा से झूठ बोलते रहे। अपनी राजनीति खत्म होने पर अब ये लोग पछतावे के आंसू भी नहीं बहा पा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार भी जानती है कि वह दोबारा सत्ता में नहीं आएगी। इसलिए वह जनता की वाजिब मांगों को पूरी तरह नजरअंदाज कर रही है। सरकार का पूरा ध्यान इस समय केवल अपना सरकारी खजाना भरने पर लगा हुआ है।
अखिलेश ने पूर्व में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और ऊर्जा मंत्री एके शर्मा को घेरा था। उन्होंने इस महा विद्युत आपदा के लिए बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों और भ्रष्ट ठेकेदारों को सीधे जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने अंत में नारा दिया कि जन-जन कहे आज का, भार बन गई भाजपा।
Author: Harikarishan Sharma

