Saran News: सारण जिले के दिघवारा-शेरपुर के बीच गंगा नदी पर बन रहे सिक्सलेन पुल निर्माण स्थल पर बड़ा हादसा होते-होते टल गया। निर्माण कार्य के दौरान पुल का एक पाया अचानक जमीन में धंस गया, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। घटना के बाद से ही निर्माण कार्य से जुड़े कर्मियों और स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल है।
घटना के समय गंगा नदी में पानी का बहाव काफी तेज था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पाया धंसने से एक हाईवा वाहन और एक बाइक सवार मिस्त्री इसकी चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों और वहां मौजूद कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते राहत कार्य शुरू होने से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
आवागमन पर रोक, जांच जारी
हादसे के बाद दिघवारा से दानापुर तक माल ढुलाई के लिए बनाए गए अस्थायी मार्ग पर वाहनों का परिचालन पूरी तरह बंद कर दिया गया है। निर्माण कंपनी के कर्मचारी अब क्षतिग्रस्त मार्ग को दोबारा आवागमन योग्य बनाने के लिए जुटे हैं। प्रशासन और निर्माण एजेंसी ने पूरे इलाके की सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी है, ताकि कोई और अनियंत्रित स्थिति न बने।
मिली जानकारी के अनुसार, पुरानी थाना मस्जिद के पास पुल के दूसरे पाए का पाइलिंग कार्य चल रहा था। नींव करीब चार से पांच मीटर ऊपर तक पहुंचने के बाद अचानक यह पाया धंस गया। फिलहाल तकनीकी टीम इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि यह घटना तकनीकी खामी, मिट्टी के धंसने या फिर नदी के तेज बहाव के कारण हुई है।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर उठे सवाल
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि गंगा नदी की जलधारा और मिट्टी की स्थिति को देखते हुए निर्माण कार्य में अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए थी। यदि उस समय निर्माण स्थल पर मजदूरों की संख्या अधिक होती, तो परिणाम काफी घातक हो सकते थे।
प्रशासन और तकनीकी विशेषज्ञों की टीम अब मामले की गहन जांच में जुटी है। स्थानीय लोग अब आधिकारिक जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो। निर्माण एजेंसी ने अभी तक इस पूरे मामले पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है, जिससे लोगों में संशय बना हुआ है।
Author: Rohit Mahato

