खूंटी में भीषण सड़क हादसा: थार पुलिया की रेलिंग तोड़कर नीचे गिरी, रांची के युवक की मौत, परिवार के 3 लोग घायल

Jharkhand News: खूंटी जिले के मुरहू थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रांची-चाईबासा मुख्य सड़क पर बिंदा और सांडीगांव के बीच एक तेज रफ्तार थार कार अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। इस हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।

विपत्ति का शिकार हुआ यह परिवार प्रसिद्ध पर्यटन स्थल हिरनी फॉल घूमकर वापस अपने घर लौट रहा था। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और मुरहू थाना की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला।

गौरीशंकर नगर का रहने वाला था पीड़ित परिवार

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रांची के डोरंडा स्थित गौरीशंकर नगर के रहने वाले उज्जवल साहू अपने परिवार के सदस्यों के साथ रविवार को पिकनिक मनाने हिरनी फॉल गए थे। शाम को लौटने के दौरान उज्जवल साहू खुद अपनी महिंद्रा थार गाड़ी चला रहे थे।

जैसे ही उनकी गाड़ी बिंदा गांव के समीप पुलिया के पास पहुंची, अचानक वाहन पर से उनका नियंत्रण खो गया। बेकाबू रफ्तार के कारण थार सीधे पुल की लोहे की मजबूत रेलिंग को तोड़ती हुई नीचे सूखी नदी में जा गिरी, जिससे गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।

सदर अस्पताल से रिम्स रेफर किए गए घायल

इस भीषण हादसे में गाड़ी चला रहे उज्जवल साहू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार में सवार उनकी सगी बहन काजल गुप्ता, भाई सागर कुमार गुप्ता और बहनोई दीपू गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दीपू गुप्ता की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

हादसे के बाद काजल और सागर काफी देर तक क्षतिग्रस्त वाहन के अंदर ही फंसे रहे। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत खूंटी सदर अस्पताल भेजा गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रिम्स (RIMS) रेफर कर दिया गया।

Author: Rohit Mahato

Hot this week

Related News

Popular Categories