खौफनाक गर्मी: दुनिया के 100 सबसे गर्म शहर सिर्फ भारत में, इस जिले ने तोड़ा रिकॉर्ड!

North India Weather: उत्तर भारत के कई राज्यों में भीषण लू और भीषण गर्मी का जानलेवा प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले पांच से छह दिनों तक लोगों को इस तपिश से कोई राहत नहीं मिलेगी। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में तापमान सामान्य से काफी ऊपर रिकॉर्ड किया जा रहा है।

दुनिया का सबसे गर्म शहर बना बांदा

उत्तर प्रदेश का बांदा जिला इस समय भीषण गर्मी से सबसे ज्यादा त्रस्त है। मंगलवार को लगातार तीसरे दिन बांदा एशिया ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया का सबसे गर्म शहर रहा। यहाँ का अधिकतम तापमान रिकॉर्ड 48.2 डिग्री दर्ज किया गया। इतिहास में यह तीसरी बार है जब यहाँ पारा 48 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँचा है।

इससे पहले बांदा में वर्ष 2019 के मई महीने में 48.1 डिग्री और वर्ष 2022 में रिकॉर्ड 49 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था। मौजूदा समय में देश के अन्य हिस्सों का भी बुरा हाल है। देश में दूसरे नंबर पर मध्य प्रदेश का नौगांव और तीसरे स्थान पर हरियाणा का रोहतक शहर सबसे गर्म रहा है।

ग्लोबल रैंकिंग में भारत के 100 शहर शामिल

एक्यूआइ.इन की लाइव ग्लोबल टेम्परेचर रैंकिंग के आंकड़े बेहद चौंकाने वाले हैं। दुनिया के 100 सबसे गर्म शहरों की सूची में इस बार सभी शहर भारत के ही हैं। इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब इस वैश्विक सूची में सिर्फ भारतीय शहरों का ही नाम दर्ज है, जिससे वैज्ञानिक भी काफी हैरान हैं।

इस सूची के शीर्ष शहरों में बांदा, नौगांव, रोहतक के अलावा आगरा, झांसी, दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, चंडीगढ़ और वाराणसी प्रमुख हैं। तापमान की बात करें तो बांदा में पारा 48.20 डिग्री, नौगांव में 47.00 डिग्री, रोहतक में 46.90 डिग्री, महाराष्ट्र के अमरावती में 46.80 डिग्री और दिल्ली रिज में 46.50 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया।

पश्चिमी विक्षोभ का कमजोर पड़ना मुख्य कारण

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ने से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शुष्क और गर्म हवाओं का प्रभाव काफी बढ़ा है। इसी वजह से देश के अधिकांश राज्यों में लू की स्थिति गंभीर हो गई है। उत्तर प्रदेश के 60 से अधिक जिलों में लू का अलर्ट जारी हुआ है।

पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी ने छुड़ाए पसीने

मैदानी इलाकों के साथ-साथ अब पहाड़ी राज्यों के प्रमुख पर्यटन शहरों में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुँच गया है। जम्मू-कश्मीर के कठुआ में तापमान 44.6 डिग्री और जम्मू में 42.0 डिग्री दर्ज हुआ। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के ऊना में 43.4 डिग्री, नेरी में 41.2 डिग्री और मंडी में पारा 40 डिग्री रहा।

उत्तराखंड के रुड़की में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस और पंतनगर में 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने पहाड़ों पर जाने वाले पर्यटकों को भी सावधानी बरतने की सलाह दी है। पश्चिम से लेकर पूर्व तक अगले पांच-छह दिनों तक इस भीषण तपिश और लू से फिलहाल राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।

Author: Shilla Bhatia

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories