PWD Transfer Policy 2026: विभाग में बड़े फेरबदल की तैयारी, 394 अवर अभियंताओं की पात्रता सूची जारी

Lucknow News: उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग (PWD) ने वर्ष 2026-27 की स्थानांतरण नीति के तहत बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। विभाग ने 394 अवर अभियंताओं (Junior Engineers) की अंतरिम पात्रता सूची जारी कर दी है। इस कदम का मुख्य उद्देश्य विभागीय कामकाज को और अधिक सुचारू और पारदर्शी बनाना है। स्थानांतरण की यह पूरी प्रक्रिया 31 मई तक पूरी कर ली जाएगी।

विभाग के प्रमुख अभियंता (परियोजना/नियोजन) ने इस संबंध में सभी मुख्य अभियंताओं को निर्देश जारी किए हैं। पात्रता सूची को मानव संपदा पोर्टल के डेटा के आधार पर तैयार किया गया है। सभी मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया गया है कि वे अपने अंतर्गत आने वाले कार्मिकों की प्रविष्टियों की गहन जांच करें और किसी भी प्रकार की विसंगति मिलने पर उसे तत्काल संशोधित करें।

इन श्रेणियों को सूची से रखा गया है अलग

जारी की गई सूची में सिविल, विद्युत, यांत्रिक और प्राविधिक शाखाओं के अवर अभियंताओं को शामिल किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि हाल ही में नवपदोन्नत हुए अवर अभियंता, निलंबन से बहाल हुए जेई और प्रतिनियुक्ति से वापस लौटे अभियंताओं को फिलहाल इस अंतरिम सूची में नहीं रखा गया है। इनके लिए विभाग अलग से तैनाती की प्रक्रिया शुरू करेगा।

इस प्रक्रिया के माध्यम से शासन का प्रयास है कि स्थानांतरण में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे और फील्ड व कार्यालय स्तर पर कार्यक्षमता को बढ़ावा मिले। सभी मुख्य अभियंताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि संशोधित सूचना समय रहते मुख्यालय तक पहुंच जाए, ताकि अंतिम स्थानांतरण सूची में किसी भी प्रकार की तकनीकी त्रुटि न रहे और समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी हो सके।

विभाग की ओर से यह निर्देश भी दिए गए हैं कि यदि संबंधित अवर अभियंता को अपनी प्रविष्टियों में कोई सुधार करवाना है, तो वे अपने कार्यालय के माध्यम से इसे प्राथमिकता के आधार पर कराएं। 31 मई की डेडलाइन को देखते हुए विभाग अब तेजी से काम कर रहा है। आने वाले कुछ ही दिनों में राज्य भर के जेई के नई तैनाती के आदेश जारी कर दिए जाएंगे।

Author: Ajay Mishra

- Advertisement -

Hot this week

Related Articles

Popular Categories