हॉलीवुड फिल्म ‘डेडपूल 3’ के कैमरामैन के साथ भारत में बड़ा हादसा, एयरफोर्स ने ऐसे बचाई जान!

Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में छुट्टियां मनाने आए मशहूर ब्रिटिश सिनेमैटोग्राफर जॉर्ज रिचमंड एक गंभीर हादसे का शिकार हो गए हैं। ‘डेडपूल 3’ और ‘टॉम्ब रेडर’ जैसी बड़ी हॉलीवुड फिल्मों में काम कर चुके जॉर्ज देव टिब्बा इलाके में पैराग्लाइडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गए। उन्हें सेना की मदद से बचाया गया है।

स्थानीय प्रशासन और भारतीय वायु सेना ने मिलकर एक बड़ा संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। करीब 12,000 फीट की ऊंचाई पर हुए इस हादसे में 54 वर्षीय जॉर्ज रिचमंड गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें सुरक्षित निकालकर चंडीगढ़ लाया गया, जहां पीजीआई अस्पताल में उनकी रीढ़ की हड्डी की सफल सर्जरी की गई है।

माउंट देव टिब्बा के पास हुआ हादसा

जॉर्ज रिचमंड के साथ यह दर्दनाक हादसा 9 जून को हुआ। वह कई दिनों के ‘बिवाक फ्लाइंग’ एडवेंचर पर निकले थे। इस क्रॉस-कंट्री पैराग्लाइडिंग में पायलट दिनभर उड़ान भरते हैं और रात में सुनसान पहाड़ियों पर ही कैंप लगाते हैं। वह बीर बिलिंग से उड़ान भरने के बाद देव टिब्बा के बेस से टेक-ऑफ कर रहे थे।

हादसे के तुरंत बाद उनके साथी पैराग्लाइडर्स ने स्थानीय कुल्लू प्रशासन को इसकी सूचना दी। प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए ब्रिटिश दूतावास से संपर्क किया। इसके तुरंत बाद भारतीय वायु सेना के दो विशेष हेलीकॉप्टर रेस्क्यू मिशन पर भेजे गए, जिन्होंने घायल सिनेमैटोग्राफर को सुरक्षित एयरलिफ्ट किया।

वायु सेना ने घायल जॉर्ज रिचमंड को भुंतर एयरपोर्ट पहुंचाया, जहां से उन्हें कुल्लू रीजनल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ‘रेड-अलर्ट’ इमरजेंसी घोषित की। इसके बाद उन्हें तुरंत 220 किलोमीटर दूर चंडीगढ़ के पीजीआई एडवांस्ड ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।

डॉक्टरों ने रीढ़ की हड्डी में लगाई टाइटेनियम प्लेट

चंडीगढ़ पीजीआई में न्यूरोसर्जन और ऑर्थोपेडिक स्पाइन स्पेशलिस्ट की एक मल्टी-डिसिप्लिनरी टीम ने उनका इलाज शुरू किया। सीनियर ऑर्थोपेडिक स्पाइन सर्जन डॉ. विशाल कुमार की देखरेख में गुरुवार को उनकी जटिल सर्जरी हुई। डॉक्टरों ने गर्दन के हिस्से को मजबूती देने के लिए टाइटेनियम प्लेट और चार मेडिकल स्क्रू लगाए हैं।

अस्पताल के ऑर्थोपेडिक्स विभाग के हेड डॉ. विजय गोनी ने बताया कि मरीज को शुरुआती इलाज के बाद हार्ड सर्वाइकल कॉलर लगाया गया था। सफल ऑपरेशन के बाद उन्हें अगले 48 घंटे के लिए डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में रखा गया है। फिलहाल उनकी हालत पूरी तरह स्थिर बनी हुई है।

दुनियाभर में मशहूर हैं जॉर्ज रिचमंड

जॉर्ज रिचमंड ब्रिटेन के सबसे सफल और प्रसिद्ध सिनेमैटोग्राफर्स में से एक हैं, जो साल 1990 से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत बतौर असिस्टेंट कैमरामैन की थी। इसके बाद साल 2008 में आई फिल्म ‘द हाइड’ से उन्होंने बतौर मुख्य सिनेमैटोग्राफर डेब्यू किया था।

उन्होंने अपने करियर में ‘किंग्समैन: द सीक्रेट सर्विस’ और ‘फैंटास्टिक बीस्ट्स’ जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं। उनके हालिया बड़े प्रोजेक्ट्स में मार्वल की सुपरहिट फिल्म ‘डेडपूल एंड वुल्वरिन’ शामिल है। इसके अलावा उन्होंने हॉलीवुड की कई चर्चित टीवी सीरीज और डॉक्युमेंट्रीज के लिए भी बेहतरीन काम किया है।

Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories