Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। संजौली इलाके में स्थित सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की दिनदहाड़े गोलियां मारकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। स्कूल गेट के बाहर हुई इस खूनी वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
हमलावर ने स्कूल गेट के ठीक बाहर प्रिंसिपल मीनाक्षी (मनीषा) पर ताबड़तोड़ तीन गोलियां चलाईं और तुरंत मौके से फरार हो गया। पुलिस प्रशासन अभी तक शूटर का कोई सुराग नहीं लगा पाया है। वीआईपी और शांत माने जाने वाले राजधानी क्षेत्र में हुई इस वारदात ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
करोड़ों की स्कूल संपत्ति को लेकर सगे भाई से चल रहा था विवाद
मृतक मनीषा मित्तल की उम्र 41 वर्ष थी। वह डॉक्टर सुभाष यादव की पत्नी थीं। मूल रूप से वह हरियाणा के रेवाड़ी स्थित एनएच-8 पर गोल्टन हाइट्स विला सोसाइटी-150 की निवासी थीं। पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि मनीषा मित्तल का परिवार काफी समय से स्कूल की करोड़ों की जायदाद को लेकर गहरे विवाद में उलझा हुआ था।
इसी साल मनीषा मित्तल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने ही कुछ रिश्तेदारों पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने शिकायत में कहा था कि उनके सगे संबंधी उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित और परेशान कर रहे हैं। स्कूल के मालिकाना हक और कब्जे को लेकर उनका अपने सगे भाई से भी पुराना विवाद चल रहा था।
आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट में सच सामने लाने का किया था दावा
मनीषा इंटरनेट मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती थीं। उन्होंने अपनी कई पोस्ट में तीन खास लोगों पर गंभीर आरोप मढ़े थे। उन्होंने लिखा था कि ये लोग उन पर लगातार अनुचित दबाव बना रहे हैं और उनकी जिंदगी को नर्क बना चुके हैं। परिवार के भीतर का यह हाई-प्रोफाइल झगड़ा लंबे समय से चर्चा में था।
मनीषा मित्तल ने हत्या से ठीक एक दिन पहले फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया हैंडल पर एक भावुक पोस्ट लिखी थी। उन्होंने लिखा था कि मैं कोई केस हार नहीं रही हूं। इसलिए मेरे बारे में गलत अफवाहें फैलाना बंद करें। जब तक पूरी सच्चाई सामने न आ जाए, किसी को भी बिना सोचे-समझे कुछ नहीं बोलना चाहिए।
उन्होंने अपनी आखिरी पोस्ट में विरोधियों को चेतावनी देते हुए लिखा था कि जिस दिन असली सच सबके सामने आएगा, उस दिन झूठ फैलाने वालों के पास मुंह छिपाने की जगह नहीं बचेगी। पुलिस ने इस पोस्ट को अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब कॉल डिटेल्स और पारिवारिक दुश्मनी के सभी पहलुओं को खंगाल रही है।
Reported By: Sunita Gupta


