Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां मणिकर्ण घाटी के सरसाड़ी में पर्यटकों की एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस भयानक दुर्घटना में तीन पर्यटकों की मौके पर ही मौत हो गई है।
पार्वती नदी के किनारे मलबे में तब्दील हुई पर्यटकों की कार
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कार करीब 300 मीटर ऊपर सड़क से सीधे नीचे पार्वती नदी के किनारे जा पहुंची। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इसमें सवार पांच लोग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गए। इस भयानक मंजर को देखकर स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े।
पंजाब के कपूरथला से मनाली घूमने आए थे सभी टूरिस्ट
प्रारंभिक जांच के अनुसार हादसे का शिकार हुए सभी लोग पंजाब के कपूरथला के रहने वाले थे। यह सभी टूरिस्ट मनाली घूमने के बाद मणिकर्ण की तरफ जा रहे थे। जालंधर के नंबर वाली इस गाड़ी में सवार लोग आपस में एक ही परिवार के सदस्य प्रतीत हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से किया घायलों का रेस्क्यू
हादसे के बाद सोशल मीडिया पर बचाव कार्य का एक बेहद भावुक वीडियो भी सामने आया है। स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला। एक घायल व्यक्ति ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। कार बुरी तरह पिचकने से रेस्क्यू में काफी दिक्कत आई।
भुंतर के निजी अस्पताल में चल रहा मासूम बच्ची का इलाज
इस दिल दहला देने वाले हादसे में एक 8 साल की मासूम बच्ची समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने दोनों घायलों को तुरंत भुंतर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है। डॉक्टरों की टीम घायलों को बेहतर इलाज मुहैया करवा रही है।
Reported By: Sunita Gupta


