Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में नशा माफिया के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बिलासपुर पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 5.89 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।
पुश्तैनी मकान और गौशाला में चल रहा था नशे का धंधा
पहले मामले में सदर थाना की टीम ने उच्च अधिकारियों के निर्देश पर कंदरौर क्षेत्र में सटीक कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी सुरजीत कुमार उर्फ कालू के पुश्तैनी मकान और गौशाला में अचानक दबिश दी। तलाशी लेने पर आरोपी के कमरे से 1.69 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मौके पर नशे की खेप के अलावा तीन सिरिंज, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू, जले हुए नोट और 49 इस्तेमाल किए हुए फॉयल पेपर भी मिले हैं।
पुलिस को देखकर सड़क किनारे फेंकी नशे की पुड़िया
दूसरी बड़ी सफलता जिला पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम को मंडी-भराड़ी के पास फोरलेन पर नाकाबंदी के दौरान मिली। चेकिंग के दौरान वहां से गुजर रहा एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर बुरी तरह घबरा गया। उसने पकड़े जाने के डर से अपनी जेब से एक पुड़िया निकालकर सड़क किनारे फेंक दी। मुस्तैद पुलिस टीम ने तुरंत उसे दबोच लिया और तलाशी के दौरान 4.20 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
बैकवर्ड लिंकेज और मोबाइल कॉल डिटेल खंगाल रही पुलिस
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक संदीप धवल ने इन दोनों मामलों की पुष्टि करते हुए सख्त चेतावनी दी है। पुलिस कप्तान ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। अब पुलिस इन आरोपियों के मोबाइल फोन रिकॉर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की गहन जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगा रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाते थे और आगे किसे बेचते थे।
Reported By: Sunita Gupta


