California News: वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म यूट्यूब ने सोशल मीडिया मार्केट में तहलका मचाने की तैयारी कर ली है। कंपनी ने अपने खास इन-ऐप वीडियो शेयरिंग और मैसेजिंग फीचर को ग्लोबल लेवल पर लॉन्च कर दिया है। अब यूजर्स को दोस्तों के साथ वीडियो शेयर करने के लिए किसी दूसरे ऐप की जरूरत नहीं होगी।
यूट्यूब ने पिछले साल इस नए फीचर की टेस्टिंग शुरू की थी। पहले यह केवल आयरलैंड और पोलैंड के सीमित यूजर्स के लिए उपलब्ध था। लेकिन अब गूगल के स्वामित्व वाले इस प्लेटफॉर्म ने इसका विस्तार अमेरिका, ब्रिटेन, ब्राजील, इटली और सिंगापुर सहित दुनिया के 40 से अधिक प्रमुख देशों में कर दिया है।
अब नहीं पड़ेगी WhatsApp या किसी अन्य ऐप की जरूरत
इस शानदार अपडेट के आने के बाद अब 18 साल या उससे अधिक उम्र के यूजर्स सीधे यूट्यूब ऐप के भीतर ही एक-दूसरे से कनेक्ट हो सकेंगे। इस फीचर की मदद से यूजर्स शॉर्ट्स, लाइव स्ट्रीम और हर तरह के पारंपरिक वीडियो को देखते हुए ही रियल-टाइम में चैट कर सकेंगे।
इस फीचर का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि यूजर्स को अब यूट्यूब कंटेंट के लिंक व्हाट्सएप या अन्य मैसेजिंग ऐप्स पर भेजने की जरूरत नहीं पड़ेगी। कंपनी के अनुसार, जो यूजर्स अपने यूट्यूब चैनल में साइन-इन हैं और ऐप का लेटेस्ट वर्जन इस्तेमाल कर रहे हैं, वे इस सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।
जानिए ऐप के अंदर कैसे करें वीडियो शेयर और चैट
यूट्यूब ऐप के भीतर वीडियो शेयर करने के लिए सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में ऐप ओपन करें। अपनी पसंद का वीडियो चलाकर नीचे दिए गए शेयर बटन पर टैप करें। इसके बाद उस कॉन्टैक्ट को चुनें जिसे वीडियो भेजना है, या फिर ‘इनवाइट टू मैसेज’ पर टैप करके इनविटेशन लिंक भेजें।
सीधे चैट करने के लिए ऐप के टॉप-राइट कॉर्नर में दिए ‘मैसेजेस’ आइकन पर टैप करें। इसके बाद ‘इनवाइट टू चैट’ विकल्प चुनकर सामने वाले व्यक्ति को लिंक भेजें। सामने वाले के पास इनविटेशन स्वीकार या अस्वीकार करने का विकल्प होगा। ध्यान रखें कि यह इनविटेशन लिंक सात दिन में एक्सपायर हो जाता है।
Author: Mohit


