शिमला के स्कूल में महिला डायरेक्टर की खूनी हत्या, मरने से पहले वीडियो में खोली थी पुलिस की पोल

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली में शनिवार शाम एक भयानक वारदात हुई। यहां के नामी सरस्वती पैराडाइज स्कूल की संचालिका मनीषा मित्तल की परिसर में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। नकाबपोश हमलावरों ने दिनदहाड़े इस मर्डर को अंजाम दिया और मौके से तुरंत फरार हो गए।

वारदात के बाद मनीषा का शव स्कूल के गेट के पास खून से लथपथ हालत में मिला। शुरुआती जांच के मुताबिक हमलावरों ने उन पर करीब तीन राउंड फायर किए थे। मनीषा को कितनी गोलियां लगी हैं, इसकी सटीक जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह से साफ हो पाएगी।

पुराने वीडियो में मनीषा ने जताया था जान का खतरा

इस सनसनीखेज हत्याकांड के बाद मनीषा का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में उन्होंने स्कूल के मालिकाना हक को लेकर चल रहे विवाद का जिक्र किया था। मनीषा ने अपने सगे भाई हिमांग और उसके पार्टनर गोविंद से अपनी जान को बड़ा खतरा बताया था।

मनीषा ने वीडियो में स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े किए थे। उन्होंने कहा था कि पुलिस को शिकायत देने पर भी कोई सख्त एक्शन नहीं लिया गया। पुलिस ने उनसे कहा था कि जब लड़ाई-झगड़ा होगा तब हम आएंगे। मनीषा ने पूछा था कि क्या पुलिस मेरी मौत के बाद आएगी।

स्वामित्व विवाद और लापरवाही पर जनता में भारी आक्रोश

मनीषा ने वीडियो में दावा किया था कि वह स्कूल की एक्टिव प्रेसिडेंट थीं। उनके पिता के निधन के बाद से ही भाई और कुछ लोग उन्हें लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। वह अपनी बेटी के साथ यहां अकेली रहती थीं। उन्होंने सुरक्षा को लेकर एसपी से भी मदद की गुहार लगाई थी।

इस हत्याकांड को बीते 17 घंटे से ज्यादा का समय हो चुका है। शिमला पुलिस के हाथ अब तक पूरी तरह खाली हैं, जिससे स्थानीय लोगों और नेताओं में भारी आक्रोश है। लोग प्रशासन की ढीली कानून व्यवस्था पर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

Author: Raj Thakur

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories