Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के चम्बा जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ की बख्तपुर पंचायत में पहाड़ी से पैर फिसलने के कारण एक व्यक्ति की गहरी खाई में गिरकर मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है और पुलिस ने तुरंत मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बख्तपुर गांव के निवासी पंकज कुमार के रूप में हुई है, जो विदो राम के बेटे थे। पंकज कुमार रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह अपने काम के सिलसिले में घर से बाहर निकले थे। रास्ते में अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने की वजह से वह सीधे गहरी ढांक में जा गिरे।
परिजनों ने कराया अस्पताल में भर्ती
पंकज कुमार को पहाड़ी से नीचे गिरते देखकर आस-पास मौजूद उनके परिजनों ने तुरंत शोर मचाया और स्थानीय पुलिस को सूचित किया। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से गंभीर रूप से घायल पंकज को चम्बा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। डॉक्टरों ने शुरुआती जांच के बाद ही उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से सूचना मिलते ही पुलिस टीम चम्बा मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने इस संबंध में पीड़ित परिवार के सदस्यों के बयान भी दर्ज किए हैं। फिलहाल पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत शुरुआती कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रशासन ने दी फौरी राहत राशि
बख्तपुर पंचायत के प्रधान प्रवेद कृष्ण कपूर ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने बताया कि उपमंडलीय प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवार को 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। हादसे का शिकार हुआ पंकज अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है।
चम्बा के एसपी विजय कुमार सकलानी ने इस पूरे मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर इस आकस्मिक हादसे के कारणों का पता लगा रही है।
Author: Sunita Gupta


