Himachal Pradesh News: उपमंडल सरकाघाट के भांवला वार्ड से जिला परिषद चुनाव लड़ रही उम्मीदवार अभिलाषा ठाकुर पर रविवार देर शाम हुए कथित जानलेवा हमले के बाद पूरा इलाका दहल गया है। वह इस हमले के बाद गहरे सदमे में हैं। अस्पताल में इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें छुट्टी दे दी है और फिलहाल वह अपने घर पर आराम कर रही हैं।
डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुरू की गहन जांच
इस सनसनीखेज घटना के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की जांच तेज कर दी है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर डीएसपी संजीव गौतम भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पूरे क्षेत्र का बारीकी से निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने कानून व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों से कड़ी पूछताछ की है। जांच टीम घटना से जुड़े हर पहलू को गहराई से खंगाल रही है। इसके साथ ही पुलिस अपराधियों तक पहुंचने के लिए क्षेत्र में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुट गई है।
चुनाव प्रचार से लौटते समय दो अज्ञात बदमाशों ने किया हमला
दर्ज शिकायत के मुताबिक, 24 मई की रात करीब 8:15 बजे अभिलाषा ठाकुर सुहड़ा-लोहड़ी मार्ग पर अपना चुनाव प्रचार खत्म करके लौट रही थीं। जब उन्होंने खुड़ला के पास अपना वाहन रोका, तभी अचानक दो अज्ञात नकाबपोश व्यक्तियों ने उन पर जानलेवा हमला बोल दिया। इस अचानक हुए हमले से गाड़ी में चीख-पुकार मच गई।
हमलावरों ने अभिलाषा ठाकुर पर बेरहमी से वार किए, जिससे उनके सिर और हाथ पर गंभीर चोटें आई हैं। इतना ही नहीं, हमलावरों ने जाते-जाते उनकी कार के पिछले शीशे पर भी भारी पत्थर मारकर उसे पूरी तरह तोड़ दिया। पुलिस ने दावा किया है कि दोषियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
Author: Sunita Gupta

