Oman News: अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्ग पर भारतीय क्रू वाले एक मर्चेंट जहाज पर फिर बड़ा हमला हुआ है। अमेरिकी सेना ने कुछ ही दिनों के अंतराल पर भारत से जुड़े तीसरे बड़े कमर्शियल शिप को अपना निशाना बनाया है। इस ताजा सैन्य कार्रवाई के बाद खाड़ी क्षेत्र में गंभीर सुरक्षा संकट पैदा हो गया है।
फॉरवर्ड सीमन्स यूनियन ऑफ इंडिया यानी एफएसयूआई (FSUI) के अनुसार गुरुवार को ओमान के तट पर इस घटना को अंजाम दिया गया। अमेरिकी नौसेना ने भारत से जुड़े एक बड़े तेल टैंकर और मालवाहक जहाज, एमटी जलवीर (MT Jalveer) पर अचानक हमला कर उसे गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया है।
जहाज पर सवार थे 20 से ज्यादा भारतीय नाविक
सुरक्षा रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी हमले के समय इस मर्चेंट जहाज पर 20 से ज्यादा नाविक सवार थे। जहाज के क्रू मेंबर्स में शामिल सभी लोग भारतीय नागरिक बताए जा रहे हैं। अचानक हुए इस हमले के बाद से अंतरराष्ट्रीय सी रूट पर व्यापार करने वाले जहाजों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
ओमान में मौजूद भारतीय दूतावास ने भी इस संवेदनशील घटना की पूरी जानकारी होने की पुष्टि की है। दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि वे इस आपातकालीन स्थिति को लेकर स्थानीय ओमान प्रशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए युद्ध स्तर पर प्रयास जारी हैं।
भारतीय दूतावास ने स्थानीय प्रशासन के साथ शुरू किया तालमेल
मस्कट स्थित भारतीय दूतावास ने एक आधिकारिक बयान जारी कर कहा कि उन्हें ओमान के शिनास बंदरगाह के पास एक व्यापारिक जहाज से जुड़ी इस घटना का पता चला है। भारतीय राजनयिक वर्तमान स्थिति पर बारीक नजर रख रहे हैं। वे पूरी रिपोर्ट के लिए ओमान के स्थानीय सुरक्षा अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।
इस बड़े हमले के बाद समुद्री व्यापार संगठनों ने गहरा रोष व्यक्त किया है। अमेरिकी सेना द्वारा भारतीय क्रू वाले कमर्शियल जहाजों को बार-बार निशाना बनाए जाने से अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन हो रहा है। भारत सरकार भी इस पूरे मामले पर अमेरिकी प्रशासन के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराने की तैयारी कर रही है।
Author: Pallavi Sharma


