Mumbai News: मनोरंजन जगत से एक बेहद झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। ‘कुमकुम भाग्य’ और ‘वागले की दुनिया’ जैसे मशहूर टीवी सीरियल्स में नजर आ चुकीं 22 वर्षीय एक्ट्रेस संचिता उगले की अचानक मौत हो गई है। मुंबई के नालासोपारा इलाके में स्थित उनके घर पर उनका शव मिला है।
शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक, यह मामला कथित तौर पर आत्महत्या का लग रहा है। इस दुखद खबर से उनके फैंस, परिवार और पूरी टीवी इंडस्ट्री गहरे सदमे में है। उनके सह-कलाकार सोराब बेदी ने सोशल मीडिया पर एक बेहद भावुक नोट लिखकर संचिता को याद किया और दुख जताया।
घर के बंद कमरे में पंखे से लटका मिला शव
अचोले पुलिस स्टेशन के अधिकारियों ने बताया कि यह दर्दनाक घटना नालासोपारा ईस्ट के अचोले गांव में स्थित साईं संतोषी बिल्डिंग में हुई। संचिता 14 जून की शाम को अपने बेडरूम में थीं, जहां उन्होंने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। इसके बाद उन्होंने छत के पंखे से फंदा लगा लिया।
परिजन जब उन्हें अस्पताल ले गए, तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारी विनोद बाग के मुताबिक, 14 जून की शाम करीब 7 बजे यह कदम उठाया गया। पुलिस ने मृतका के पिता मचिंदा उगाले की शिकायत के बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।
सुशांत सिंह राजपूत की पुण्यतिथि से जुड़ा कनेक्शन
संचिता के भाई अविनाश ने उनकी मौत को लेकर कुछ बहुत ही चौंकाने वाले दावे किए हैं। अविनाश ने बताया कि संचिता का आखिरी इंस्टाग्राम पोस्ट दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को समर्पित था। सुशांत सिंह राजपूत का निधन भी साल 2020 में ठीक इसी तारीख यानी 14 जून को हुआ था।
एक्ट्रेस के भाई ने आरोप लगाया कि संचिता ने जान देने के लिए ठीक उसी तारीख को चुना जब वह घर पर अकेली थीं। उन्होंने ग्लैमर वर्ल्ड को बेहद जहरीला और गंदा बताते हुए कहा कि काम की कमी, लगातार बढ़ते मानसिक दबाव और सीनियर्स द्वारा किए जाने वाले अपमान से तंग आकर संचिता ने यह कदम उठाया।
Author: Sachin Kulkarni


