Bilaspur News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां कुटुंब न्यायालय परिसर के ठीक सामने एक पति ने अपनी ही पत्नी को सरेआम तीन तलाक दे दिया। आरोपी पति ने चिल्लाते हुए कहा कि वह अब कभी उसका चेहरा नहीं देखना चाहता। इस घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बिलासपुर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम के तहत तीन तलाक का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक विशेष टीम अब फरार आरोपी पति की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित युवती का निकाह करीब दो साल पहले हुआ था। शादी के कुछ दिन बाद से ही दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया था। ससुराल वालों के रोज-रोज के झगड़ों और प्रताड़ना से तंग आकर महिला आखिरकार अपने मायके लौट आई थी।
दहेज प्रताड़ना और भरण-पोषण का चल रहा है केस
मायके आने के बाद पीड़ित महिला ने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना की गंभीर शिकायत दर्ज कराई थी। इसके साथ ही उसने अपने गुजारे के लिए कानूनी रास्ता चुनते हुए भरण-पोषण का केस भी दायर किया था। यह पूरा मामला बिलासपुर के कुटुंब न्यायालय में विचाराधीन है।
सोमवार को इसी सिलसिले में दोनों पक्षों की कोर्ट में पेशी तय थी। सुनवाई के दौरान पीड़ित महिला कोर्ट की कार्यवाही के बीच किसी जरूरी दस्तावेज की फोटोकॉपी कराने के लिए न्यायालय परिसर से बाहर निकली थी। इसी दौरान परिसर के ठीक सामने अचानक उसका पति उसके सामने आ धमका।
आरोपी पति ने सरेआम पत्नी पर उसका पूरा परिवार तबाह करने का आरोप मढ़ना शुरू कर दिया। उसने गुस्से में चिल्लाते हुए कहा कि वह अब दोबारा उसका चेहरा नहीं देखना चाहता है। इसी गहमागहमी के बीच उसने अपनी पत्नी को तीन बार तलाक बोलकर रिश्ता खत्म करने का एलान कर दिया।
Author: Anjali Sahu

