रेवाड़ी में पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो क्रिमिनल्स को लगी गोली

Rewari News: हरियाणा के रेवाड़ी जिले में देर रात पुलिस और कुख्यात बदमाशों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है। इस मुठभेड़ के दौरान दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग की गई। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो इनामी बदमाशों को गोली मारकर घायल कर दबोच लिया।

- Advertisement -

बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई सब इंस्पेक्टर फखरुद्दीन की जान

इस खतरनाक मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की एक गोली सब-इंस्पेक्टर फखरुद्दीन को भी लगी। हालांकि, उन्होंने मुस्तैदी दिखाते हुए बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी। गोली सीधे जैकेट में जाकर धंस गई, जिससे पुलिस अधिकारी की जान बाल-बाल बच गई और बड़ा हादसा टल गया।

बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे बदमाश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सीआईए (CIA) धारूहेड़ा की टीम को जड्थल क्षेत्र में कुछ बदमाशों के छिपे होने का इनपुट मिला था। सूचना थी कि आरोपी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सीआईए प्रभारी योगेश के नेतृत्व में टीम ने तुरंत घेराबंदी शुरू की।

खुद को घिरा देख अपराधियों ने शुरू की फायरिंग

पुलिस टीम द्वारा खुद को चारों तरफ से घिरा देख शातिर बदमाश मोहन और गोविंद उर्फ झम्मन ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से करीब चार-चार राउंड गोलियां चलीं, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

- Advertisement -

घायल अवस्था में दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश मोहन और गोविंद के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को तुरंत काबू कर रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। पकड़े गए आरोपियों पर हत्या, लूट और फिरौती समेत आधा दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

अपराधियों के खिलाफ जारी रहेगी जीरो टॉलरेंस की नीति

अस्पताल पहुंचे डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने बताया कि आरोपी 28 जून को गांव बखापुर में हुई फायरिंग के मामले में वांछित थे। उन्होंने साफ किया कि पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा के नेतृत्व में जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम जारी रहेगा।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles