Fatehabad News: हरियाणा के फतेहाबाद में आज जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने की। बैठक के दौरान मंत्री ने जनसमस्याओं पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाया और बड़ी कार्रवाई की।
बैठक में कुल 14 मामलों की सुनवाई की गई, जिनमें से छह मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। वहीं, बाकी बचे आठ मामलों को आगे के लिए लंबित रखा गया है। बैठक से अनुपस्थित रहने पर मंत्री ने हिसार सिंचाई विभाग के एक्सएन (XEN) को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद SDO को किया सस्पेंड
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने फतेहाबाद सिंचाई विभाग के एसडीओ (SDO) राजेंद्र कुंडू को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड करने के आदेश जारी कर दिए। मंत्री ने मीडिया से बातचीत में बताया कि इस अधिकारी के खिलाफ स्टाफ लगातार शिकायतें कर रहा था, जिसके बाद यह कड़ी कार्रवाई की गई है।
वहीं, प्रॉपर्टी आईडी से जुड़े एक मामले में शिकायत मिलने पर मंत्री ने रतिया नगर पालिका के सचिव को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि अधिकारी सुधर जाएं, नहीं तो उन्हें जेल की हवा खानी पड़ेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
निजी प्लॉट से बिजली खंभे हटाने और फसल बीमा के निर्देश
फतेहाबाद के भूना क्षेत्र में एक निजी प्लॉट पर लगे बिजली के खंभे हटाने को लेकर भी मंत्री ने बिजली निगम को सख्त आदेश दिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निगम बिल वसूल रहा है, तो निजी जमीन पर खंभे कैसे रह सकते हैं। इस पर बिजली विभाग ने फसल कटने के बाद खंभे शिफ्ट करने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा, गांव दैयड़ में फसल बीमा योजना का मुआवजा न मिलने के मामले में भी मंत्री ने कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने कृषि विभाग को निर्देश दिए कि एडीसी (ADC) की अध्यक्षता में 10 दिन के भीतर जांच पूरी की जाए और प्रभावित ग्रामीणों को तुरंत मुआवजा राशि जारी की जाए।

