Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 7.37 लाख विद्यार्थियों को मुफ्त में स्टील की पानी की बोतलें देगी। स्कूल शिक्षा निदेशालय ने इसके लिए अंतिम सूची जारी कर दी है। विभाग ने यह फैसला मुख्यमंत्री की घोषणा को पूरा करने के लिए लिया है।
छात्रों के आंकड़ों में उलझा रहा शिक्षा विभाग
इस योजना को लागू करने से पहले शिक्षा विभाग छात्रों की सही संख्या को लेकर उलझन में था। उपनिदेशकों से मिली पहली रिपोर्ट में 7,68,037 छात्रों का पंजीकरण दिखाया गया था। इसके विपरीत जब विभाग ने यू डाइस पोर्टल की रिपोर्ट देखी तो वहां संख्या सिर्फ 7,18,559 मिली।
डाटा में अंतर के बाद दोबारा हुआ सत्यापन
आंकड़ों में बड़ा अंतर मिलने के बाद विभाग ने नए सिरे से रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। जांच में सामने आया कि कुछ जिलों ने प्री-प्राइमरी के बच्चों का डाटा नहीं जोड़ा था। वहीं कुछ स्कूलों ने पास आउट हो चुके 11वीं और 12वीं के छात्रों का पुराना डाटा भेज दिया था।
ब्लॉक स्तर पर तैयार हुई संशोधित रिपोर्ट
निदेशक के निर्देश पर सभी जिलों में ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी (बीपीईओ) स्तर पर दोबारा छात्र संख्या का सत्यापन किया गया। नए सिरे से पूरी छानबीन के बाद अब अंतिम सूची तैयार हुई है। इस बार राज्य के सरकारी स्कूलों में कुल छात्रों की संख्या 7.37 लाख पाई गई है।
निदेशक ने पारदर्शिता बरतने के दिए सख्त निर्देश
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने सभी उपनिदेशकों और स्कूल प्रमुखों को भविष्य में पूरा ध्यान रखने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्र पंजीकरण का डाटा पूरी तरह पारदर्शी और सही होना चाहिए। यू डाइस पोर्टल पर भी हमेशा सही आंकड़ा ही फीड किया जाना चाहिए।

