Mandi News: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के कड़े रुख के बाद मंडी प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया है। कोर्ट के आदेश के बाद मंडी नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर सुमन और डिप्टी मेयर जितेंद्र को आज यानी 17 जुलाई को दोपहर तीन बजे पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी।
अदालत के आदेश के बाद जारी हुई अधिसूचना
मंडी नगर निगम में मेयर और डिप्टी मेयर को शपथ न दिलाए जाने पर निर्वाचित मेयर सुमन ठाकुर ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। अदालत ने 15 जुलाई को मंडी डीसी को कार्रवाई के आदेश दिए। इसके बाद शहरी विकास विभाग ने दोनों के नामों की आधिकारिक अधिसूचना जारी की।
कानूनी प्रक्रिया पूरी होने पर सझा शपथ मंच
शहरी विकास विभाग ने 29 जून को हुए चुनाव के नतीजे घोषित कर दिए हैं। मंडी उपायुक्त अपूर्व देवगन ने अतिरिक्त उपायुक्त प्रियांशु खाती को शपथ दिलाने का जिम्मा सौंपा है। यह कार्रवाई हिमाचल प्रदेश नगर निगम अधिनियम, 1994 की धारा 33 के तहत की जा रही है।
चुनाव के एक महीने बाद हो रहा समारोह
नगर निगम के वोटों की गिनती 31 मई को हुई थी। इसके बाद 29 जून को मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव हुआ, लेकिन उन्हें शपथ नहीं दिलाई गई थी। अब 16 जुलाई को सरकारी गजट में परिणाम छपने के बाद एडीसी प्रियांशु खाती ने दोनों को शपथ ग्रहण की औपचारिक सूचना भेजी है।
मंडी डीसी अदालत में 21 को देंगे जवाब
इस पूरे मामले में प्रशासनिक देरी को लेकर मंडी डीसी अपूर्व देवगन 21 जुलाई को हाईकोर्ट में अपना जवाब दाखिल करेंगे। हाईकोर्ट की सख्ती की वजह से ही शिमला से लेकर मंडी तक का पूरा प्रशासनिक अमला अलर्ट हुआ और आनन-फानन में नगर निगम सभागार में शपथ समारोह की तैयारियां की गईं।

