Delhi News: मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली जियो फाइनेंशियल सर्विसेज (JFSL) ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (Q1 FY27) के वित्तीय नतीजे घोषित कर दिए हैं। गुरुवार को बाजार बंद होने के बाद आए परिणामों के मुताबिक, जून तिमाही में कंपनी का शुद्ध मुनाफा सालाना आधार पर 156 प्रतिशत बढ़कर 830 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज की इस सब्सिडयरी कंपनी को पिछले साल की इसी तिमाही में 325 करोड़ रुपये का लाभ हुआ था। पिछली तिमाही के मुकाबले कंपनी के मुनाफे में 205 फीसदी की शानदार बढ़ोतरी दर्ज की गई है। गुरुवार को कंपनी के शेयर की कीमत गिरावट के साथ 235.65 रुपये पर बंद हुई थी।
ऑपरेशनल आय में 223% की भारी बढ़ोतरी, ब्याज और डिविडेंड से हुई तगड़ी कमाई
जियो फाइनेंशियल की ऑपरेशन से होने वाली आय में भी जबरदस्त उछाल देखा गया है। यह पिछली तिमाही के 612 करोड़ रुपये से 223 प्रतिशत बढ़कर 2,004 करोड़ रुपये हो गई है। ऑपरेटिंग खर्च बढ़ने के बावजूद मजबूत मुख्य आय स्रोतों और अधिक डिविडेंड आय ने कंपनी का मुनाफा बढ़ाने में मदद की।
कंपनी की कुल आय सालाना आधार पर 141 फीसदी बढ़कर 1,496 करोड़ रुपये रही। इस दौरान ब्याज से होने वाली आय 165% बढ़कर 962 करोड़ रुपये हो गई, जबकि फीस और कमीशन से होने वाली आय पांच गुना से अधिक बढ़कर 325 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। तिमाही में कंपनी को 509 करोड़ रुपये की डिविडेंड आय भी हुई।
NBFC बिजनेस में मजबूत ऑर्गेनिक ग्रोथ, एसेट्स अंडर मैनेजमेंट 30 हजार करोड़ के पार
कंपनी के अनुसार, उसके नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी (NBFC) बिजनेस ने मजबूत ऑर्गेनिक ग्रोथ दर्ज की है। इस तिमाही के दौरान कुल डिस्बर्समेंट 11,252 करोड़ रुपये रहा, जो सालाना आधार पर 2.7 गुना अधिक है। वहीं, जियो क्रेडिट लिमिटेड का एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) सालाना आधार पर 2.6 गुना बढ़कर 30,667 करोड़ रुपये हो गया है।
कंपनी के कुल खर्च भी सालाना आधार पर 291% बढ़कर 991 करोड़ रुपये दर्ज किए गए हैं। वित्तीय नतीजों पर कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ हितेश सेठिया ने कहा कि सभी वर्टिकल्स में बिजनेस की यह रफ्तार हमारे फुल-स्टैक इकोसिस्टम के बारीक आर्किटेक्चर और रणनीतिक रूप से शामिल किए गए एआई और डेटा एनालिटिक्स की मजबूती को दर्शाती है।
जर्मनी की आलियांज कंपनी के साथ मिलकर किया बीमा क्षेत्र में नए ज्वाइंट वेंचर का गठन
हाल ही में जियो फाइनेंशियल सर्विसेज और जर्मनी की दिग्गज कंपनी आलियांज के ज्वाइंट वेंचर ‘जियो आलियांज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड’ का गठन हुआ है। इस नई बीमा कंपनी में दोनों पार्टनर्स की 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। यह ज्वाइंट वेंचर भारत में स्वास्थ्य बीमा सहित साधारण बीमा का कारोबार संभालेगा।
मालूम हो कि पिछले वर्ष आलियांज ने बजाज फिनसर्व के साथ अपने दो ज्वाइंट वेंचर्स में 26 प्रतिशत हिस्सेदारी लगभग 2.84 अरब अमेरिकी डॉलर में बेचने का एलान किया था। इसके साथ ही दोनों कंपनियों के बीच चल रही करीब 24 वर्ष पुरानी साझेदारी समाप्त हो गई थी, जिसके बाद अब जियो के साथ नया वेंचर शुरू हुआ है।

