Himachal Pradesh News: जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल से खाकी को शर्मसार करने वाली एक बड़ी खबर सामने आई है। यहाँ रामपुरघाट में बिना हेलमेट स्कूटी का ऑनलाइन चालान करने पर एक परिवार ने ऑन ड्यूटी पुलिसकर्मी की बेरहमी से पिटाई कर दी।
शिकायत के मुताबिक 13 जून की शाम रामपुरघाट चौक पर ट्रैफिक चेकिंग चल रही थी। मुख्य आरक्षी प्रदीप कुमार ने एक स्कूटी को रोका, जिसे एक नाबालिग लड़का चला रहा था। जांच के दौरान लड़के के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं पाया गया।
नियम टूटने पर जब हेड कांस्टेबल ने चालान काटा, तो स्कूटी सवार लोग भड़क गए। उन्होंने तुरंत फोन कर अपने परिजनों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में लड़के के पिता एक कार में सवार होकर वहां पहुंचे और सीधे पुलिसकर्मी से उलझ गए।
बाप-बेटे ने पुलिसकर्मी को दबोचा और महिला ने बरसाए थप्पड़
इसके बाद तीनों आरोपियों ने मिलकर पुलिसकर्मी के साथ सरेआम धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोपी पिता सचिन और उसके नाबालिग बेटे मोहित ने पुलिसकर्मी का गला दबोच लिया। इसी बीच कार से उतरी महिला सविता ने पुलिस जवान के मुंह पर कई थप्पड़ जड़ दिए।
इस हमले के बाद पीड़ित पुलिसकर्मी ने पुरुवाला थाना में सरकारी काम में बाधा डालने और मारपीट की एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति सचिन को गिरफ्तार कर स्थानीय कोर्ट के समक्ष पेश किया है।
माननीय न्यायालय ने आरोपी पिता को तीन दिन के लिए पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने मामले की सह-आरोपी महिला सविता को भी रविवार को अरेस्ट कर लिया है। उसे सोमवार को अदालत के सामने पेश किया जाएगा।
एसपी सिरमौर की दोटूक: कानून हाथ में लेने वाले बख्शे नहीं जाएंगे
इस पूरे मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्कूटी चलाने वाला लड़का नाबालिग है, इसलिए उसे हिरासत में नहीं लिया गया है। हालांकि पुलिस जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के नियमों के तहत पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जिला सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ऑन ड्यूटी स्टाफ पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
Reported By: Raj Thakur

