Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में तड़के सुबह डकैतों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। देवा थाना क्षेत्र के ग्वारी गांव में सात हथियारबंद बदमाशों ने एक किराना कारोबारी के पूरे परिवार को बंधक बना लिया। डकैत घर से करीब 1.02 करोड़ रुपये की नकदी और जेवरात लूटकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार तड़के करीब साढ़े तीन बजे डकैत देवा-बाराबंकी मार्ग पर स्थित घर का पिछला दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे। उस समय किराना कारोबारी आलोक जायसवाल का पूरा परिवार गहरी नींद में सो रहा था। डकैतों ने हथियार के बल पर बच्चों समेत सभी सदस्यों को बंधक बना लिया।
मासूम बच्चों को पीटा और मुंह पर चिपकाया टेप
बदमाशों ने आलोक, उनकी पत्नी, बेटे, बहू और दो बेटियों को एक जगह इकट्ठा कर दिया। शोर मचाने पर बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी और सबके मुंह पर टेप चिपका दिया। रोने पर बदमाशों ने मासूम बच्चों को बेरहमी से पीटा और करीब एक घंटे तक अलमारियां खंगालते रहे।
पीड़ित परिवार के मुताबिक डकैत लॉकर तोड़कर 12 लाख रुपये नकद और लगभग 90 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर समेट ले गए। सुबह करीब 4:22 बजे सभी बदमाश वहां से भाग निकले। इसके बाद परिवार ने खुद को मुक्त कराया और तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी।
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस की पांच टीमें
सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक और फोरेंसिक टीम भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटना स्थल की बारीकी से जांच की। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पांच टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया है। शुरुआती जांच में बदमाशों को घर में रखे कैश की सटीक जानकारी होने की बात सामने आई है।
पुलिस को शक है कि इस बड़ी वारदात में किसी करीबी या जानकार ने ही मुखबिरी की है। आमतौर पर घर के भीतर रखे इतने बड़े खजाने की जानकारी बाहरी लोगों को नहीं होती। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि वे जल्द ही डकैतों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करेंगे।
Author: Raj Thakur


