Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पंचायत चुनाव के दौरान फर्जी मतदान का एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां धर्मपुर उपमंडल के टिहरा वार्ड में जिला परिषद चुनाव के दौरान एक पोलिंग बूथ पर प्रोक्सी यानी जाली वोट डालने का सनसनीखेज आरोप लगा है।
प्रत्याशी के बेटे का वोट ड्राइवर ने डाला
टिहरा वार्ड से जिला परिषद की प्रत्याशी रजिता ठाकुर और उनके पोलिंग एजेंट ने इस धांधली की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने उपायुक्त मंडी और एसडीएम धर्मपुर को लिखित शिकायत भेजी। शिकायत के मुताबिक चुनावी मैदान में उतरी एक अन्य उम्मीदवार वंदना ठाकुर के बेटे का वोट उनके ड्राइवर ने डाल दिया।
शिकायतकर्ता रजिता ठाकुर ने प्रशासनिक अधिकारियों को बताया कि वंदना ठाकुर के बेटे दक्ष गुलेरिया मतदाता सूची में क्रमांक संख्या 44 पर दर्ज हैं। मतदान केंद्र पर मौजूद सुरक्षा और स्टाफ को चकमा देकर वंदना ठाकुर के निजी चालक ने दक्ष की जगह अवैध रूप से मतदान की प्रक्रिया पूरी की।
फर्जी वोट निरस्त करने और कड़ी कार्रवाई की मांग
इस धांधली के उजागर होते ही राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया है। शिकायतकर्ताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की है कि इस संबंधित फर्जी वोट को तुरंत प्रभाव से निरस्त किया जाए। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
इस त्रिकोणीय मुकाबले वाले टिहरा वार्ड में वंदना ठाकुर, अनिता ठाकुर और रजिता ठाकुर के बीच कड़ा चुनावी संघर्ष चल रहा है। दोपहर बाद जैसे ही जाली वोटिंग की बात फैली, रजिता ठाकुर ने तुरंत मोर्चा खोल दिया। उन्होंने मौके पर ही प्रशासनिक अमले से मिलकर लिखित आपत्ति दर्ज करा दी।
एसडीएम ने दिए मामले की त्वरित जांच के आदेश
उधर, शिकायत मिलते ही प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया है। एसडीएम धर्मपुर जोगेंद्र पटियाल ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए नायब तहसीलदार और सेक्टर ऑफिसर को जांच के आदेश देकर मौके पर रवाना कर दिया है।
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच टीम की विस्तृत रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। अगर जांच में फर्जी मतदान की पुष्टि होती है, तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
Author: Sunita Gupta


