Lucknow Crime News: जौनपुर से दिल्ली जा रही यूपीएससी छात्रा से लखनऊ में तीन दिनों तक गैंगरेप, झझकोर देगी दास्तां

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही एक युवती के साथ तीन दिनों तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता जौनपुर से दिल्ली लौट रही थी, तभी चारबाग स्टेशन पर उसके एक परिचित ने उसे झांसा देकर ट्रेन से उतार लिया।

कॉफी में नशीली गोली मिलाकर वारदात को अंजाम दिया

आरोपी युवक पीड़िता को बहला-फुसलाकर सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में स्थित अपने कमरे पर ले गया। वहां उसने छात्रा को कॉफी में नींद की गोली मिलाकर पिलाई। जब युवती बेहोश हो गई, तो उसने गलत काम किया। उसी शाम आरोपी के एक अन्य दोस्त ने भी पीड़िता के साथ जबरदस्ती की।

अगले दिन इस घिनौने अपराध में उनका एक और साथी शामिल हो गया। तीनों आरोपियों ने मिलकर युवती को तीन दिनों तक बंधक बनाए रखा। वे लगातार उसके साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म करते रहे। इस हैवानियत से पीड़िता बुरी तरह डर गई और उसकी हालत खराब हो गई।

सुहेलदेव एक्सप्रेस से पीड़िता को वापस दिल्ली भेजा

तीन दिनों तक इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद मुख्य आरोपी ने कैब बुक की। वह पीड़िता को सुशांत गोल्फ सिटी से चारबाग रेलवे स्टेशन लेकर आया। वहां उसने सुहेलदेव एक्सप्रेस का स्लीपर टिकट खरीदा और युवती को जबरन दिल्ली जाने वाली ट्रेन में बैठाकर खुद फरार हो गया।

ट्रेन में सफर के दौरान डरी-सहमी पीड़िता ने किसी तरह हिम्मत जुटाई। उसने फोन पर अपने परिवार को पूरी आपबीती सुनाई। परेशान पिता ने तुरंत रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर मदद मांगी। सूचना मिलते ही जीआरपी की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए चलती ट्रेन में युवती से संपर्क किया।

आनंद विहार थाने में जीरो एफआईआर दर्ज की गई

जीआरपी टीम पीड़िता को सुरक्षा घेरे में लेकर दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन थाने पहुंची। अगले दिन युवती के परिजन भी दिल्ली पहुंच गए। पुलिस ने पीड़िता के विस्तृत बयान दर्ज किए। इसके बाद दिल्ली के आनंद विहार थाने में आरोपियों के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज कर ली गई।

पीड़िता दिल्ली के एक प्रतिष्ठित निजी कॉलेज से बीए ऑनर्स की पढ़ाई कर रही है। वह कॉलेज की छुट्टियां होने पर एक मई को जौनपुर स्थित अपने घर आई थी। परीक्षा का एडमिट कार्ड लेने के लिए वह 15 मई को दोबारा दिल्ली जाने के लिए सुहेलदेव एक्सप्रेस में बैठी थी।

जौनपुर का रहने वाला शिवम यादव है मुख्य आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस घिनौने अपराध का मुख्य आरोपी शिवम यादव है। वह जौनपुर जिले के जलालपुर इलाके का रहने वाला है और पीड़िता का पूर्व परिचित था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी हैं।

Author: Raj Thakur

Hot this week

Related Articles

Popular Categories