Dharamshala News: आईपीएल 2026 के पहले क्वालिफायर मुकाबले से पहले गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल अनोखे अंदाज में नजर आए। हाई वोल्टेज मैच के तनाव को कम करने के लिए गिल अपनी टीम के खिलाड़ियों के साथ धर्मशाला की प्रसिद्ध मांझी खड्ड के बर्फीले पानी में नहाने उतरे।
नेचुरल पूल में खिलाड़ियों ने की जमकर मस्ती
धौलाधार की पहाड़ियों से बहकर आ रहे बेहद ठंडे पानी में शुभमन गिल ने करीब पौने घंटे तक तैराकी का लुत्फ उठाया। खनियारा के पास स्थित इस प्राकृतिक जलस्रोत में गिल के साथ युवा बल्लेबाज साई सुदर्शन भी मौजूद थे। स्टार क्रिकेटरों ने होटल के लग्जरी पूल के बजाय कुदरती पानी को चुना।
पहाड़ी वादियों के बीच बिताए इन खूबसूरत पलों को कप्तान शुभमन गिल ने अपने मोबाइल में भी कैद किया। गुजरात टाइटंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच आज शाम धर्मशाला स्टेडियम में पहला क्वालिफायर मैच खेला जाना है। इस बड़े मुकाबले से आठ घंटे पहले खिलाड़ियों ने खुद को तरोताजा किया।
ग्लेन फिलिप्स ट्रैकिंग पर निकले और रोहित ने चखा स्वाद
गुजरात के ऑलराउंडर ग्लेन फिलिप्स भी धौलाधार की शांत वादियों को निहारने के लिए ट्रैकिंग पर निकल गए। धर्मशाला आने वाले खिलाड़ी अक्सर त्रियुंड ट्रैक या स्थानीय झरनों का रुख करते हैं। इससे पहले भारतीय कप्तान रोहित शर्मा भी बिना सुरक्षा के धर्मकोट के एक रेस्तरां में स्थानीय व्यंजनों का आनंद ले चुके हैं।
क्रिकेटरों को धर्मशाला की खूबसूरत सड़कों पर बिना किसी डर के घूमना बेहद पसंद आता है। पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी अपनी महिला मित्र के साथ मैक्लोडगंज के बाजारों में आम नागरिक की तरह घूमते दिखे थे। यहां की सुरक्षा और सादगी खिलाड़ियों को हमेशा आकर्षित करती है।
Author: Sunita Gupta


