शिमला के स्कूल में तीसरी की छात्रा को ले जाने पहुंचे संदिग्ध लोग, मुस्तैद स्टाफ ने बचाई बच्ची, पुलिस जांच शुरू

Shimla News: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिला में एक स्कूल प्रबंधन की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया। फागू स्थित एक निजी स्कूल में छुट्टी के समय तीसरी कक्षा की छात्रा को ले जाने तीन संदिग्ध लोग पहुंच गए। स्कूल प्रशासन ने सतर्कता दिखाते हुए बच्ची को उनके साथ नहीं भेजा और तुरंत पुलिस को सूचित कर बड़ी अनहोनी रोक ली।

वाइस प्रिंसिपल की मुस्तैदी से नाकाम हुई बड़ी साजिश

यह गंभीर मामला ठियोग उपमंडल के फागू का है। स्कूल की वाइस प्रिंसिपल सुनीता शर्मा ने ठियोग थाने में इस घटना की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने पुलिस को बताया कि 22 मई को दोपहर करीब 2 बजकर 50 मिनट पर जब स्कूल की छुट्टी हुई, तभी दो पुरुष और एक महिला अचानक स्कूल परिसर के भीतर दाखिल हुए।

इन तीनों अज्ञात लोगों ने स्कूल स्टाफ से मिलकर तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली एक मासूम छात्रा को अपने साथ भेजने की बात कही। स्कूल प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से जब उनसे पूछताछ शुरू की और पहचान का सत्यापन करने की कोशिश की, तो वे लोग कोई भी संतोषजनक जानकारी या दस्तावेज नहीं दे पाए।

भारतीय न्याय संहिता के तहत पुलिस ने दर्ज किया केस

संदिग्धों के हाव-भाव देखकर स्कूल प्रबंधन ने बच्ची को सुरक्षित अपने पास ही रखा और किसी भी तरह का जोखिम न लेते हुए तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके और अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता और तनाव का माहौल देखा जा रहा है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि ठियोग पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं 137(2), 62 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब स्कूल और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि इन संदिग्ध आरोपियों की जल्द से जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

Author: Sunita Gupta

Hot this week

Related Articles

Popular Categories