Himachal Pradesh News: मंडी जिला की कटिंडी पंचायत का रुंझ पोलिंग बूथ इस बार पूरे प्रदेश में खास पहचान बनाने जा रहा है। यहां मतदान के लिए आने वाले वरिष्ठ नागरिकों और पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को पौधे भेंट किए जाएंगे। यह पहल न्यू लाइफ लाइन संस्था की ओर से पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ शुरू की गई है।
हिमाचल प्रदेश में पंचायती चुनावों का माहौल पूरी तरह गर्म है। सभी प्रत्याशी प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं। इसी बीच मंडी जिले की सामाजिक संस्था न्यू लाइफ लाइन ने चुनावी माहौल में पर्यावरण संरक्षण को जोड़ते हुए नई मुहिम शुरू की है। संस्था ने मतदान को हरियाली और सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने का फैसला लिया है।
मतदान के साथ पर्यावरण बचाने की नई पहल
न्यू लाइफ लाइन संस्था के संस्थापक और अध्यक्ष डॉ आनंद कागरा ने बताया कि रुंझ पोलिंग बूथ को प्रदेश का पहला ग्रीन बूथ बनाने की तैयारी चल रही है। मतदान केंद्र पर आने वाले 60 साल से अधिक उम्र के मतदाताओं और पहली बार वोट देने वाले युवाओं को पौधे देकर सम्मानित किया जाएगा।
डॉ आनंद कागरा ने कहा कि तेजी से हो रहे विकास कार्यों के कारण हिमाचल प्रदेश में बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई हुई है। इसका असर पर्यावरण और मौसम पर साफ दिखाई दे रहा है। संस्था की यह छोटी पहल लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करने और हरियाली बढ़ाने का संदेश देगी।
पहली बार मतदान करने वालों पर रहेगा खास फोकस
संस्था ने युवाओं को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के लिए पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं को विशेष रूप से शामिल किया है। संस्था का मानना है कि युवा पीढ़ी यदि मतदान के साथ पौधारोपण को अपनाएगी तो आने वाले समय में पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में बड़ी मदद मिल सकती है।
रुंझ पोलिंग बूथ पर शुरू होने वाली यह पहल अब आसपास के क्षेत्रों में भी चर्चा का विषय बन गई है। स्थानीय लोगों ने इस प्रयास की सराहना की है। चुनावी माहौल के बीच पर्यावरण संरक्षण का यह संदेश लोगों को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने के लिए भी प्रेरित कर रहा है।
Author: Sunita Gupta

