India Weather News: देश के कई राज्यों में भीषण गर्मी झेल रहे लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों में बड़ा बदलाव आने का अनुमान जताया है। पश्चिमी विक्षोभ और सक्रिय हो रहे दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के असर से 13 राज्यों में तेज आंधी, भारी बारिश और तापमान में गिरावट का अलर्ट जारी किया गया है।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक मौसम तेजी से करवट बदल सकता है। कई इलाकों में 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग का कहना है कि 28 मई से कई राज्यों में लू का असर कमजोर पड़ने लगेगा।
मॉनसून ने बढ़ाई बारिश की गतिविधियां
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 26 मई तक अपनी उत्तरी सीमा तक पहुंच चुका है। अगले दो से तीन दिनों में इसके अरब सागर, बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के अधिक हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मॉनसून की सक्रियता से पूर्वोत्तर भारत और तटीय क्षेत्रों में बारिश तेज होगी।
आईएमडी ने उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और केरल समेत कई राज्यों के लिए बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मौसम का मिजाज
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 27 मई को भीषण गर्मी और लू का असर बना रह सकता है। मौसम विभाग ने 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलने का अनुमान जताया है। हालांकि 28 मई से मौसम बदलना शुरू होगा और आसमान में बादल छाने के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर में 28 और 29 मई को गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग का मानना है कि इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस व लू से राहत मिलेगी।
उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज आंधी का खतरा
उत्तर प्रदेश में 28 से 31 मई के बीच मौसम तेजी से बदल सकता है। लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर समेत कई जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 29 मई को कई इलाकों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और ओलावृष्टि होने की संभावना है।
बिहार के कटिहार, पूर्णिया और पूर्वी चंपारण समेत कई जिलों में भी भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी हुआ है। मौसम विभाग ने 27 से 29 मई के बीच 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। कुछ इलाकों में ओले गिरने की भी संभावना है।
राजस्थान में अभी जारी रहेगा लू का असर
जहां देश के कई हिस्सों में बारिश की उम्मीद है, वहीं राजस्थान में गर्मी का प्रकोप अभी जारी रहेगा। पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में 28 मई तक भीषण लू का अलर्ट जारी किया गया है। जयपुर, बीकानेर, जोधपुर और कोटा संभाग में तापमान लगातार ऊंचा बना रह सकता है।
हिमाचल प्रदेश में मौसम सुहावना होने की संभावना है। शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा समेत कई जिलों में 29 मई तक बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी हुआ है। इस दौरान पहाड़ी इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज होगी।
Author: Shilla Bhatia


