दिल्ली में एआई और डेटा से होगा प्रदूषण का खात्मा: आईआईटी कानपुर के साथ हुआ बड़ा समझौता, अब 72 घंटे पहले मिलेगी चेतावनी

Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी की वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए एक महत्वपूर्ण पहल की है। प्रदूषण से निपटने के लिए दिल्ली सरकार ने आईआईटी कानपुर के साथ एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी के तहत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और डेटा विश्लेषण का उपयोग करके प्रदूषण की समस्या को वैज्ञानिक तरीके से हल किया जाएगा।

अगले पांच साल तक प्रभावी रहेगा यह समझौता

यह एमओयू अगले पांच वर्षों तक लागू रहेगा। इसके जरिए दिल्ली में एआई, उन्नत डेटा विश्लेषण और सूक्ष्म-क्षेत्रीय निगरानी प्रणालियों को सशक्त बनाया जाएगा। दिल्ली सरकार के पर्यावरण विभाग और आईआईटी कानपुर के एआईआरएडब्ल्यूएटी रिसर्च फाउंडेशन के बीच हुआ यह समझौता वायु प्रदूषण प्रबंधन को पूरी तरह से तकनीक-आधारित और वैज्ञानिक बनाने में मदद करेगा।

क्या है इस परियोजना की मुख्य विशेषताएं?

इस समझौते के तहत राजधानी में एक एकीकृत वायु गुणवत्ता निगरानी नेटवर्क विकसित किया जाएगा। इसमें कम लागत वाले सेंसर, मोबाइल मॉनिटरिंग लैब और उपग्रह डेटा का उपयोग होगा। इससे प्रदूषण के स्रोतों की वास्तविक समय में निगरानी और उनके स्थानीय प्रभावों का सटीक विश्लेषण करना संभव हो सकेगा।

72 घंटे पहले मिलेगी प्रदूषण की चेतावनी

इस परियोजना के अंतर्गत एक एआई-आधारित ‘डिसीजन सपोर्ट सिस्टम’ (डीएसएस) तैयार किया जाएगा। यह सिस्टम प्रदूषण हॉटस्पॉट की पहचान करने के साथ-साथ 48 से 72 घंटे पहले वायु गुणवत्ता का पूर्वानुमान देने में सक्षम होगा। इससे सरकार को प्रदूषण कम करने के लिए पहले से ही ठोस और प्रभावी रणनीति बनाने में मदद मिलेगी।

सरकार का विजन: स्मार्ट और वैज्ञानिक शासन

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह साझेदारी वायु प्रदूषण के स्रोतों की सटीक पहचान और समयबद्ध हस्तक्षेप सुनिश्चित करेगी। वहीं, पर्यावरण मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि दिल्ली को प्रदूषण जैसी दीर्घकालिक चुनौती से निपटने के लिए ऐसे तकनीक-आधारित और पारदर्शी समाधानों की आवश्यकता है। यह पहल दिल्ली को एक स्वच्छ और बेहतर वातावरण देने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

Author: Gaurav Malhotra

Hot this week

Related Articles

Popular Categories