यूपी के बाराबंकी में आधी रात को काल बनकर दौड़ा डंपर, सड़क किनारे सो रहे एक ही परिवार के चार लोगों को रौंदा

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक बेहद दर्दनाक और रूह कंपा देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ देर रात भीषण गर्मी के कारण घर के बाहर सो रहे एक ही परिवार के चार लोगों को तेज रफ्तार डंपर ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में चारों की मौत हो गई।

यह दर्दनाक हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र के फतेहपुर-महमूदाबाद मार्ग पर स्थित झांसा गांव में रात करीब दो बजे हुआ। बिजली गुल होने के कारण पूरा परिवार सड़क किनारे सो रहा था। तभी अचानक अनियंत्रित डंपर ने कहर बरपाया। इस घटना से पूरे इलाके में कोहराम मच गया है।

पेड़ से टकराने के बाद बेकाबू डंपर ने सो रहे मासूमों को कुचला

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बेकाबू डंपर पहले सड़क किनारे एक बड़े पेड़ से टकराया। इसके बाद वह अनियंत्रित होकर बाहर सो रहे बेकसूर परिवार पर चढ़ गया। हादसे में 35 वर्षीय नीरज और उनके 13 वर्षीय बेटे अनुराग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल 10 वर्षीय अंशिका, 6 वर्षीय आशू और नीरज की पत्नी आरती को जिला अस्पताल भिजवाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दोनों मासूम बच्चों अंशिका और आशू को भी मृत घोषित कर दिया।

गंभीर रूप से घायल महिला को लखनऊ के लोहिया अस्पताल किया रेफर

हादसे में बुरी तरह घायल महिला आरती की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत लखनऊ के लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया है। परिजनों ने बताया कि मृतक नीरज किराये की मैजिक गाड़ी चलाकर किसी तरह अपने गरीब परिवार का भरण-पोषण करते थे।

भीषण गर्मी के इस मौसम में गांव में अक्सर बिजली कट जाती थी। इसी वजह से कल रात भी पूरा परिवार खुली हवा के लिए घर के बाहर आकर सोया था। एक ही परिवार के चार सदस्यों की अचानक मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दर्दनाक सड़क हादसे का तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के प्रति गहरा दुख व्यक्त किया है। इसके साथ ही सीएम ने शोक संतृप्त परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना प्रकट की है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला प्रशासन के आला अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। उन्होंने घायल महिला के समुचित इलाज और राहत कार्य तेज करने को कहा है। मुख्यमंत्री कार्यालय से इस पूरे मामले की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।

Author: Ajay Mishra

Hot this week

Related Articles

Popular Categories