Raebareli News: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के एक बयान ने देश की सियासत में भूचाल ला दिया है। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में आयोजित एक जनसभा के दौरान राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर बेहद तीखे हमले किए हैं। इस बयान के बाद भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।
रायबरेली में ‘बहुजन स्वाभिमान सभा’ को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जब भी भाजपा-आरएसएस के लोग उनके सामने आएं और प्रधानमंत्री मोदी या अमित शाह की चर्चा करें, तो उन्हें सीधे ‘गद्दार’ कहें। राहुल गांधी ने दावा किया कि इन लोगों ने मिलकर देश की संपत्ति को कुछ उद्योगपतियों को बेच दिया है और संविधान पर लगातार हमला कर रहे हैं।
विपक्षी नेता पर बरसी भाजपा
राहुल गांधी के इस बयान के बाद भाजपा ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी प्रवक्ताओं ने राहुल की तुलना दुश्मन देश की भाषा बोलने वालों से की है। भाजपा का आरोप है कि राहुल गांधी ने न केवल प्रधानमंत्री का, बल्कि देश के लोकतांत्रिक मूल्यों का भी अपमान किया है। पार्टी ने उनसे सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस की राजनीति को ‘विभाजनकारी’ और ‘तुष्टिकरण’ वाली बताया है। वहीं, भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही संघ और भाजपा के प्रति अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करती रही है, जो उनकी हताशा को दर्शाता है।
आर्थिक संकट की दी चेतावनी
विवादित बयान के अलावा राहुल गांधी ने केंद्र सरकार को आर्थिक मोर्चे पर भी घेरा। उन्होंने आने वाले समय में देश में भारी आर्थिक संकट और महंगाई बढ़ने की चेतावनी दी। उन्होंने दावा किया कि पेट्रोल-डीजल से लेकर खाद्य पदार्थों तक की कीमतें आसमान छूएंगी। राहुल ने कहा कि सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा।
प्रधानमंत्री के इटली दौरे और वहां ‘मेलोडी’ टॉफी के आदान-प्रदान वाले वीडियो पर भी राहुल गांधी ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि देश के नागरिक जब आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहे हैं, तब प्रधानमंत्री इस तरह के रील बनाने और मजाक करने में व्यस्त हैं। उन्होंने सरकार पर उद्योगपति मित्रों को फायदा पहुंचाने का भी आरोप लगाया है।
Author: Ajay Mishra


