LPG News: मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष के बाद दुनियाभर में ईंधन की किल्लत शुरू हो गई है। भारत में भी कालाबाजारी और जमाखोरी की खबरें सामने आ रही हैं। इस बीच सोशल मीडिया और कुछ समाचार रिपोर्ट्स में एलपीजी रिफिल बुकिंग की समय-सीमा में बदलाव का दावा किया जा रहा था। पेट्रोलियम और गैस मंत्रालय ने इन दावों को सिरे से खारिज कर दिया है।
मंत्रालय ने किया स्पष्ट, समय-सीमा में कोई बदलाव नहीं
पेट्रोलियम और गैस मंत्रालय नेएक बयान जारी कर साफ किया कि एलपीजी रिफिल बुकिंग की मौजूदा समय-सीमा में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। मंत्रालय ने कहा, ‘सरकार के संज्ञान में आया है कि कुछ समाचार रिपोर्टों और सोशल मीडिया पोस्ट एलपीजी रिफिल बुकिंग के लिए संशोधित समय सीमा का दावा कर रहे हैं। यह स्पष्ट किया जाता है कि ऐसा कोई बदलाव नहीं किया गया है।’
क्या था अफवाहों में दावा?
सोशल मीडियाऔर कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा था कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत दिए गए कनेक्शन की सिलिंडर रिफिल बुकिंग के लिए 45 दिन, गैर-पीएमयूवाई सिंगल सिलिंडर के लिए 25 दिन और गैर-पीएमयूवाई डबल सिलिंडर के लिए 35 दिन की समय-सीमा तय की गई है। मंत्रालय ने इन सभी दावों को गलत बताया है।
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना क्या है?
प्रधानमंत्रीउज्ज्वला योजना की शुरुआत वर्ष 2016 में हुई थी। इस योजना के तहत देश की महिलाओं को मुफ्त गैस कनेक्शन दिए जाते हैं। यह योजना गरीब परिवारों की महिलाओं को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई थी। अब तक करोड़ों महिलाएं इस योजना का लाभ ले चुकी हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस योजना के तहत भी रिफिल बुकिंग की समय-सीमा में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मंत्रालय ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।


