अमेरिका में हाहाकार: पेपर मिल में फटा खतरनाक केमिकल टैंक, कई मौतें, मलबे में तब्दील हुई यूनिट!

World News: अमेरिका के दक्षिण-पश्चिमी वाशिंगटन से एक बेहद दर्दनाक और भयावह हादसे की खबर सामने आई है। यहां मंगलवार सुबह एक बड़ी लुगदी और कागज (पल्प एंड पेपर) मिल के अंदर स्थित केमिकल टैंक में अचानक भीषण विस्फोट हो गया। इस धमाके में कई मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस खतरनाक विस्फोट के बाद से मिल में काम करने वाले करीब नौ अन्य कर्मचारी अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। स्थानीय दमकल विभाग और कंपनी के शीर्ष अधिकारियों ने इस भयावह घटनास्थल का जायजा लेने के बाद इसे आधिकारिक रूप से ‘मास कैजुअल्टी सीन’ यानी सामूहिक हताहत स्थल घोषित कर दिया है।

मिल के भीतर स्थित एक विशाल और हाई-प्रेशर केमिकल टैंक में मंगलवार सुबह करीब सवा सात बजे (स्थानीय समयानुसार) यह जोरदार धमाका हुआ। धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसने देखते ही देखते पूरी उत्पादन यूनिट को लोहे और कंक्रीट के मलबे के ढेर में तब्दील कर दिया, जिससे वहां काम कर रहे लोग दब गए।

बचाव कार्य के लिए बुलाई गई स्पेशल टीम

इस भीषण औद्योगिक हादसे की सूचना मिलते ही पूरे प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। राहत और बचाव कार्य के लिए करीब 40 अनुभवी दमकलकर्मी, कई पैरामेडिक्स और क्षेत्रीय खतरनाक सामग्री से निपटने वाली एक विशेष (हजमैट) टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मलबे में लापता नौ लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए मैराथन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

हादसे का शिकार हुई ‘निप्पॉन डायनावैव पैकेजिंग कंपनी’ और स्थानीय कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने एक संयुक्त बयान जारी किया है। बयान के अनुसार, मलबे से कई शव निकाले जा चुके हैं। इसके अलावा कई श्रमिक आग की लपटों में गंभीर रूप से झुलसने और टैंक से निकली बेहद जहरीली गैस की चपेट में आने से बीमार हुए हैं।

वाशिंगटन राज्य के पारिस्थितिकी विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस लिक्विड पैकेजिंग प्लांट और पेपर मिल में करीब एक हजार नियमित कर्मचारी काम करते हैं। इस विशाल प्लांट में मुख्य रूप से टिशू पेपर, प्रिंटिंग पेपर, पैकेजिंग कार्टन और कप-प्लेट बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कच्चे माल का बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जाता है।

Author: Pallavi Sharma

Hot this week

Related Articles

Popular Categories