Peshawar News: पाकिस्तान का अशांत उत्तर-पश्चिम इलाका एक बार फिर दहल उठा है। खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आतंकवादियों ने दो अलग-अलग जगहों पर पुलिस को निशाना बनाया है। इस भीषण आतंकी हमले में 3 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई, जबकि 34 अन्य जवान गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
सुरक्षा बलों की तत्परता और मुस्तैदी के कारण एक बहुत बड़ा आत्मघाती हमला टल गया। अगर सुरक्षा बल समय पर जवाबी कार्रवाई नहीं करते, तो जान-माल का नुकसान काफी ज्यादा हो सकता था। इस हमले के बाद पूरे प्रांत में सुरक्षा व्यवस्था को बेहद कड़ा कर दिया गया है।
पहली घटना लोअर दिर जिले के हैदर में ‘लादाम टॉप’ के पास हुई। यहां आतंकवादियों ने घात लगाकर पुलिस के एक काफिले पर हमला किया। जब पुलिस का काफिला वहां से गुजर रहा था, तब आतंकियों ने पहले हैंड ग्रेनेड फेंके और फिर स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस काफिले पर अंधाधुंध फायरिंग और गाड़ियों में लगाई आग
इस अचानक हुए हमले में 3 पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 19 अन्य जवान घायल हो गए। हमलावर आतंकियों ने पुलिस की दो गाड़ियों को भी आग के हवाले कर दिया। घायल जवानों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
दूसरी घटना बन्नू जिले के मिर्यान पुलिस स्टेशन की है, जहां सुरक्षा बलों ने एक बड़े आत्मघाती हमले की साजिश को नाकाम कर दिया। आतंकवादी बारूद से भरी एक गाड़ी को पुलिस स्टेशन की इमारत से टकराने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जवानों ने गाड़ी पर पहले ही फायरिंग कर दी।
मुठभेड़ में 4 खूंखार आतंकवादी ढेर, बन्नू में सुरक्षा सख्त
सुरक्षा बलों की फायरिंग से बारूद से भरी गाड़ी रास्ते में ही तबाह हो गई। इसके बाद आतंकियों ने पुलिस स्टेशन में घुसने का प्रयास किया, लेकिन मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने 4 हमलावरों को मार गिराया। इस कार्रवाई में 15 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिन्हें पेशावर रेफर किया गया है।
बन्नू जिला पहले भी आतंकी संगठनों के निशाने पर रहा है। इसी साल अप्रैल में भी बन्नू के डोमेल पुलिस स्टेशन पर आत्मघाती कार बम हमला हुआ था, जिसमें 5 नागरिकों की जान गई थी। फिलहाल सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।

