Delhi News: दिल्ली के जंतर-मंतर पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर बड़ा अपडेट आया है। डॉक्टरों के मुताबिक पिछले 24 घंटों में वांगचुक का वजन 350 ग्राम कम हो गया है। फिलहाल उनका वजन 56.55 किलोग्राम रिकॉर्ड किया गया है।
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का आज शुक्रवार को 20वां दिन है। नीट यूजी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी जंतर-मंतर पर लगातार प्रदर्शन कर रही है। वांगचुक 28 जून को इस आंदोलन का हिस्सा बने थे और तब से अनशन पर हैं।
मेडिकल टीम रख रही है स्वास्थ्य पर कड़ी नजर
डॉक्टर सतीश लांबा ने बताया कि वांगचुक का ब्लड प्रेशर 108/68 और ब्लड शुगर 80 mg/dL है। उनकी पल्स रेट 72 प्रति मिनट दर्ज की गई है। शरीर में पानी का स्तर अभी ठीक है, लेकिन उन्हें हल्का डिहाइड्रेशन यानी पानी की कमी की शिकायत होने लगी है।
डॉक्टरों के अनुसार जब शरीर को ग्लूकोज, प्रोटीन और कार्बोहाइड्रेट नहीं मिलता, तो आंतरिक बदलाव होने लगते हैं। मेडिकल टीम उनके स्वास्थ्य पर 24 घंटे पैनी नजर रखे हुए है। इस बीच वांगचुक ने कहा कि वह किसी भी कीमत पर 20 जुलाई तक जीवित रहेंगे।
संसद मार्च में शामिल होने की जनता से अपील
सोनम वांगचुक ने देश के लोगों से 20 जुलाई को संसद तक प्रस्तावित मार्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की भावुक अपील की है। समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनका संकल्प पूरी तरह अडिग है। उधर कॉकरोच जनता पार्टी ने शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की है।

