Dharwad News: कर्नाटक के धारवाड़ में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां के कर्नाटक विश्वविद्यालय रोड पर स्थित रान्कास्टेलो अपार्टमेंट में एक जाने-माने एनेस्थेसियोलॉजिस्ट की उनके ही घर में बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड का आरोप मृतक डॉक्टर की नेत्र रोग विशेषज्ञ पत्नी पर लगा है।
आरोपी महिला डॉक्टर ने न सिर्फ अपने पति की जान ली, बल्कि अपने 10 वर्षीय मासूम बेटे पर भी जानलेवा हमला किया। इस वीभत्स वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
यह मामला चिरायु अस्पताल में कार्यरत एनेस्थेसियोलॉजिस्ट डॉ. किरण होन्नानवर से जुड़ा है। डॉ. किरण और उनकी पत्नी डॉ. प्रिया दोनों ही क्षेत्र के प्रतिष्ठित डॉक्टर थे। घटना वाली रात जब रिश्तेदारों ने डॉ. किरण को फोन किया, तो प्रिया ने कहा कि वह आराम कर रहे हैं।
घर का दरवाजा खुलते ही रिश्तेदारों के उड़ गए होश
अगले दिन शाम तक जब डॉ. किरण का फोन नहीं आया, तो चिंतित रिश्तेदार उनके अपार्टमेंट पहुंचे। घर का दरवाजा खोलने पर उनके होश उड़ गए। भीतर डॉ. किरण का शव खून से लथपथ पड़ा था और पास ही उनका 10 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हालत में तड़प रहा था।
रिश्तेदारों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल बच्चे को तुरंत नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। हुबली-धारवाड़ के पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार सहित आला अधिकारियों की टीम ने तुरंत घटनास्थल का दौरा कर फोरेंसिक जांच शुरू की।
हाई-सिक्योरिटी जोन के अपार्टमेंट में घरेलू विवाद के कारण वारदात
पुलिस आयुक्त एन. शशिकुमार के मुताबिक, रान्कास्टेलो अपार्टमेंट पूरी तरह से सुरक्षित और हाई-सिक्योरिटी जोन में है। ऐसे में किसी बाहरी हमलावर का अंदर आना नामुमकिन है। शुरुआती जांच में आशंका है कि डॉ. प्रिया ने घरेलू विवाद या मानसिक तनाव में पति की चाकू मारकर हत्या की है।
पति की हत्या और बेटे पर हमले के बाद आरोपी महिला ने खुद भी आत्महत्या का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी डॉक्टर पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, वह अभी गहरे सदमे में है और लगातार विरोधाभासी बयान दे रही है, जिससे हत्या की सटीक वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

