डोनाल्ड ट्रंप हुए पीएम मोदी के मुरीद, बोले- वह ‘महान नेता’ हैं और युद्धों से दूर रहते हैं

- Advertisement -

World News: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुरीद नजर आए हैं। फ्रांस में आयोजित जी-7 (G7) शिखर सम्मेलन से लौटने के बाद एक इंटरव्यू में उन्होंने पीएम मोदी की जमकर तारीफ की। ट्रंप ने मोदी को एक ‘महान और बेहतरीन नेता’ बताया है।

युद्ध से दूर रहना पीएम मोदी की समझदारी: ट्रंप

द एक्सिओस शो को दिए इंटरव्यू में जब ट्रंप से पूछा गया कि वह किस वैश्विक नेता की सबसे ज्यादा तारीफ करते हैं, तो उन्होंने पीएम मोदी का नाम लिया। ट्रंप ने कहा कि मोदी बहुत अच्छे इंसान और बेहतरीन लीडर हैं। वे हमेशा युद्धों से दूर रहते हैं, जो कि बेहद समझदारी भरा कदम है।

- Advertisement -

ट्रंप ने भारत की विशाल आबादी का जिक्र करते हुए कहा कि पीएम मोदी 1.5 अरब लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। वास्तव में भारत अब दुनिया का सबसे बड़ा देश है। ट्रंप ने व्यापारिक रिश्तों पर बात करते हुए कहा कि हम भारत के साथ काफी व्यापार करते हैं, लेकिन अब हमारा व्यापार निष्पक्ष है।

पीएम मोदी को बताया मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत

अमेरिकी राष्ट्रपति ने पीएम मोदी की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए उन्हें मुश्किल हालात में आसानी से हार न मानने वाला बताया। उन्होंने कहा कि मोदी शारीरिक और भावनात्मक रूप से बेहद मजबूत नेता हैं। हालांकि, ट्रंप ने उन नेताओं के नाम बताने से साफ इन्कार कर दिया जिन्हें वे कमजोर मानते हैं।

इंटरव्यू के दौरान ट्रंप ने जी-7 में रूस की गैर-मौजूदगी का भी जिक्र किया। उन्होंने याद दिलाया कि साल 2014 में क्रीमिया पर कब्जे के बाद रूस को इस समूह से बाहर कर दिया गया था। रूस के बाहर होने से पहले इस शक्तिशाली देशों के समूह को जी-8 (G8) के नाम से जाना जाता था।

इजरायल और नेतन्याहू पर किया बड़ा दावा

इंटरव्यू में ट्रंप ने इजरायल को लेकर भी एक बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि जी-7 के नेताओं ने मान लिया है कि मैं ही बॉस हूं। इजरायल मेरी बहुत इज्जत करता है और जैसा मैं कहूंगा, वह वैसा ही करेगा। अगर मैं राष्ट्रपति न होता, तो आज इजरायल का अस्तित्व ही नहीं होता।

उन्होंने इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ अपने संबंधों को अच्छा बताया। साथ ही चुटकी लेते हुए कहा कि हमें उन्हें थोड़ा समझदार बनाए रखना होगा। ईरान के मुद्दे पर अपने रिपब्लिकन आलोचकों को जवाब देते हुए ट्रंप ने कहा कि वहां जो नतीजा निकला, वह बिना शर्त आत्मसमर्पण जैसा ही है।

Author: Pallavi Sharma

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles