Qatar News: कतर के प्रमुख इंडस्ट्रियल एरिया रास लाफान स्थित एक नेचुरल गैस एक्सपोर्ट टर्मिनल में रविवार रात भीषण धमाका हुआ। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 54 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं करीब 18 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश जारी है।
सरकारी कंपनी कतरएनर्जी के मुताबिक यह हादसा बरजान गैस सप्लाई प्लांट में हुआ। तकनीकी टीम जब टर्मिनल को दोबारा रीस्टार्ट करने की कोशिश कर रही थी, तभी अचानक यह ब्लास्ट हो गया। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़े तनाव के चलते सुरक्षा कारणों से कतर ने पहले अपना प्रोडक्शन रोक दिया था।
शांति वार्ता के बीच प्लांट चालू करते समय हुआ बड़ा हादसा
पश्चिम एशिया में जारी शांति वार्ता के बाद कतर अपने प्लांट को फिर से चालू कर रहा था। अधिकारियों के अनुसार इस साल मार्च में एक ईरानी मिसाइल इस क्षेत्र से टकराई थी। उस हमले से प्लांट के बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा था, जिसके कारण कतर ने उत्पादन बंद किया था।
यह भीषण धमाका ऐसे संवेदनशील समय पर हुआ है जब कूटनीतिक रास्तों से इलाके में शांति बहाली की कोशिशें जारी हैं। कतर दुनिया के सबसे बड़े लिक्विफाइड नेचुरल गैस यानी एलएनजी उत्पादकों में शामिल है। यह बरजान प्लांट देश की अर्थव्यवस्था के लिए रीढ़ की हड्डी माना जाता है।
वैश्विक ऊर्जा बाजार में बढ़ सकती हैं गैस की कीमतें
इस प्लांट की क्षमता रोजाना 1.4 अरब स्टैंडर्ड क्यूबिक फीट गैस बेचने की है। कतर न केवल इसे विदेशों में एक्सपोर्ट करता है, बल्कि देश में बिजली बनाने में भी इसका इस्तेमाल होता है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस हादसे से ग्लोबल एनर्जी मार्केट में गैस की कीमतें बढ़ सकती हैं।
कतर के गृह मंत्रालय ने बताया कि रेस्क्यू टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मलबे के नीचे दबे लोगों को निकालने के लिए बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है ताकि लापता कर्मचारियों को बचाया जा सके।

