Lucknow News: सोमवार देर रात उत्तर भारत के कई हिस्सों में आए भीषण आंधी-तूफान ने भारतीय रेलवे के पहियों की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। आंधी के कारण लखनऊ मेल, एसी एक्सप्रेस और वंदे भारत समेत तीन दर्जन से अधिक प्रमुख ट्रेनें छह से आठ घंटे तक बीच रास्ते में ही खड़ी हो गईं।
इस बड़े रेल व्यवधान का सीधा असर मुरादाबाद से लेकर अयोध्या तक के पूरे रेल नेटवर्क पर देखा गया। सोमवार की तबाही के बाद मंगलवार को भी दर्जनों महत्वपूर्ण ट्रेनें अपने निर्धारित समय से कई घंटे की देरी से लखनऊ और अन्य गंतव्यों तक पहुंचीं, जिससे मुसाफिरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ओएचई लाइन टूटी, 30 से अधिक स्थानों पर गिरे पेड़
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, सोमवार रात आई तेज आंधी की वजह से अयोध्या, गोंडा, प्रयागराज, वाराणसी और मुरादाबाद रेल सेक्शन पर 30 से अधिक विशालकाय पेड़ पटरियों पर गिर गए। पेड़ गिरने से ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) बिजली की लाइनें भी कई जगहों पर पूरी तरह टूट गईं।
इस खराबी के बाद रेलवे के इंजीनियरिंग और तकनीकी अमले को तुरंत मौके पर भेजा गया। टावर गाड़ियों की मदद से टूटी ओएचई लाइनों को ठीक करने में तकनीकी टीम को करीब छह से सात घंटे का कड़ा समय लगा। इस आंधी का सबसे घातक असर हरदोई और शाहजहांपुर रेल खंड के बीच देखने को मिला।
नई दिल्ली और चंडीगढ़ जाने वाली वीआईपी ट्रेनें पिट गईं
इस प्राकृतिक आपदा के कारण दिल्ली और चंडीगढ़ रूट की लगभग सभी वीआईपी ट्रेनें बुरी तरह प्रभावित हुईं। लखनऊ से चार मिनट की देरी से छूटी नौचंदी एक्सप्रेस शाहजहांपुर पहुंचते-पहुंचते 6:40 घंटे लेट हो गई। वहीं, लखनऊ-चंडीगढ़ सुपरफास्ट को हरदोई में 6:22 घंटे रोका गया, जिससे यह ट्रेन आठ घंटे देरी से चंडीगढ़ पहुंची।
देश की सबसे प्रतिष्ठित वीआईपी ट्रेनों में शुमार 12229 लखनऊ मेल भी इस तूफान की चपेट में आ गई। यह ट्रेन शाहजहांपुर पहुंचने तक 6:45 घंटे लेट हो चुकी थी। इसके चलते लखनऊ मेल अपने निर्धारित समय सुबह 6:55 बजे के स्थान पर दोपहर 2:15 बजे नई दिल्ली स्टेशन पहुंच सकी।
वंदे भारत और डबल डेकर का टाइम टेबल भी बिगड़ा
गर्मियों की छुट्टियां मनाने जा रहे पर्यटकों को भी इस रेल यातायात व्यवधान के कारण भारी परेशानी झेलनी पड़ी। लखनऊ-काठगोदाम एक्सप्रेस बरेली पहुंचने तक छह घंटे लेट हो गई, जिससे नैनीताल जाने वाले परिवार रातभर ट्रेन में ही फंसे रहे। वीआईपी एसी एक्सप्रेस भी सात घंटे की देरी से दिल्ली पहुंची।
इसके अलावा, मंगलवार सुबह रवाना होने वाली देहरादून वंदे भारत एक्सप्रेस अपने तय समय 5:15 बजे के बजाय 1:37 घंटे की देरी से सुबह 6:52 बजे लखनऊ से छूटी। वहीं, आनंद विहार जाने वाली एसी डबल डेकर को भी बीच रास्ते में करीब ढाई घंटे तक रोक कर रखा गया।
दर्जनों एक्सप्रेस ट्रेनें बीच रास्ते में खड़ी रहीं
रेलवे नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के मुताबिक, सप्तक्रांति एक्सप्रेस मुरादाबाद पहुंचने तक 7:15 घंटे प्रभावित रही, जबकि अवध आसाम एक्सप्रेस लखनऊ पौने चार घंटे की देरी से आई। गोरखपुर-प्रयागराज वंदे भारत को भी अयोध्या से लखनऊ के बीच करीब दो घंटे तक आउटर पर खड़ा रहना पड़ा।
इसके साथ ही बाघ एक्सप्रेस 5:40 घंटे और वाराणसी बरेली एक्सप्रेस मल्हौर के पास दो घंटे खड़ी रही। रेलवे प्रशासन का कहना है कि मंगलवार दोपहर तक सभी ट्रैक साफ कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी, लेकिन ट्रेनों के कतार में फंसे होने के कारण पूरे टाइम टेबल को सुचारू करने में समय लग रहा है।
Author: Ajay Mishra

