Himachal Pradesh News: देवभूमि हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में हीट वेव यानी लू का येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले चौबीस घंटों में मौसम पूरी तरह साफ रहा, जिससे मैदानी इलाकों में तापमान आसमान छूने लगा है।
मैदानी इलाकों में पारा चालीस के पार, शिमला में भी बढ़ी तपन
प्रदेश के पांवटा साहेब में सबसे अधिक 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। वहीं बिलासपुर में पारा 39 डिग्री, भुंतर में 35 डिग्री और पालमपुर में 32 डिग्री तक पहुंच गया है। अमूमन ठंडी रहने वाली राजधानी शिमला में भी अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।
मौसम वैज्ञानिक संदीप कुमार शर्मा के अनुसार मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री ऊपर चल रहा है। शिमला, धर्मशाला, कांगड़ा, सोलन और कल्पा में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग ने आगामी चार-पांच दिनों में तापमान पांच डिग्री और बढ़ने की आशंका जताई है।
तीन दिनों तक लू का अलर्ट और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश
मौसम विभाग ने 19 से 21 मई तक कांगड़ा, किन्नौर और सोलन जिले के कई हिस्सों में हीट वेव चलने की चेतावनी दी है। हालांकि इसी दौरान चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की उम्मीद भी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 22 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण मौसम में बड़ा बदलाव आएगा। इसके प्रभाव से शिमला, मंडी, चंबा और कुल्लू में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी। विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर न निकलने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
Author: Sunita Gupta


