Jaipur News: वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी (VMOU) कल यानी 20 मई को राजस्थान प्री डीएलएड प्रवेश परीक्षा का आयोजन करने जा रही है। इस परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के लिए यूनिवर्सिटी ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सभी परीक्षार्थियों को इन नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।
छात्रों की सहूलियत के लिए शिक्षा विभाग ने सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। गाइडलाइंस के अनुसार परीक्षा शुरू होने से ठीक 30 मिनट पहले मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी छात्र को प्रवेश नहीं मिलेगा।
उम्मीदवारों को तय समय से काफी पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। देरी से पहुंचने पर तलाशी प्रक्रिया में समय लग सकता है। इस कारण यदि कोई छात्र परीक्षा से वंचित होता है, तो उसकी जिम्मेदारी खुद छात्र की होगी। प्रशासन इसके लिए उत्तरदायी नहीं होगा।
परीक्षा केंद्र पर ले जाने वाली जरूरी सामग्री
- उम्मीदवारों को अपने साथ आधिकारिक एडमिट कार्ड अनिवार्य रूप से लाना होगा।
- नीले या काले रंग की स्याही वाला एक पारदर्शी बॉलपेन साथ रखें।
- अपनी एक नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो साथ ले जाना जरूरी है।
- वैध मूल फोटो पहचान पत्र (जैसे मतदाता आईडी, [Your Aadhaar Card Redacted], ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड) लाएं।
- पीने के पानी के लिए पूरी तरह से पारदर्शी बोतल साथ रख सकते हैं।
इन प्रतिबंधित वस्तुओं को लाने पर सख्त पाबंदी
- परीक्षा परिसर के भीतर मोबाइल फोन और ब्लूटूथ पूरी तरह प्रतिबंधित हैं।
- किसी भी प्रकार की घड़ी, कैलकुलेटर और लॉग टेबल लाना मना है।
- कोई भी संचार उपकरण, ज्योमेट्री बॉक्स या पाठ्य सामग्री अंदर न लाएं।
- परीक्षा केंद्र पर व्हाइटनर, स्लाइड रूल, नोट और अस्त्र-शस्त्र पूरी तरह वर्जित हैं।
- गैजेट्स सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी केन्द्राधीक्षकों की बिल्कुल नहीं होगी।
यूनिवर्सिटी ने छात्रों से सोशल मीडिया पर चल रहे भ्रामक प्रचार से बचने की अपील की है। परीक्षा में नकल या अनुचित साधनों का प्रयोग करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके लिए राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 2022 के तहत कानूनी दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे।
ओएमआर शीट भरते समय रखें इन बातों का ध्यान
नेत्रहीन परीक्षार्थियों को परीक्षा से दो दिन पहले केन्द्राधीक्षक को लिखित सूचना देना जरूरी है। परीक्षा खत्म होने के बाद ही छात्र प्रश्न पत्र और ओएमआर की कार्बन कॉपी ले जा सकेंगे। ओएमआर शीट में रोल नंबर और प्रश्न पत्र सीरीज को बहुत ध्यान से भरें।
सामान्य पाठ्यक्रम के अभ्यर्थी केवल हिंदी भाषा का प्रश्न पत्र हल करेंगे। संस्कृत पाठ्यक्रम के छात्र संस्कृत भाषा के प्रश्नों का उत्तर देंगे। दोनों पाठ्यक्रमों के विकल्प वाले छात्र भी संस्कृत का पेपर हल करेंगे। परीक्षा खत्म होने से पहले कक्षा छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
जानिए दोनों शिफ्ट की सटीक टाइमिंग
राजस्थान बीएसटीसी 2026 परीक्षा का आयोजन एक ही दिन दो अलग-अलग शिफ्ट में किया जा रहा है। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगी। इसके बाद दूसरी शिफ्ट की परीक्षा दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चलेगी।
Author: Manish Rathore


