Bhagalpur News: बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला सेतु पर यातायात बहाली को लेकर एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। पुल पर बन रहे तीसरे बेली ब्रिज का 24 मीटर लंबा ढांचा पूरी तरह तैयार हो चुका है। सीमा सड़क संगठन की टीम अब इसकी लॉन्चिंग की तैयारियों में जुट गई है।
वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, शुक्रवार सुबह तक इस भारी-भरकम ढांचे की लॉन्चिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा। इसके तुरंत बाद स्टील प्लेट बिछाने और अंतिम तकनीकी फिटिंग का काम शुरू होगा। सीमा सड़क संगठन की टीम ने गुरुवार को ही इसका फाउंडेशन बनाने का काम सफलतापूर्वक पूरा कर लिया था।
आंधी-तूफान के बाद भी दिन-रात चल रहा काम
पिछले दिनों इलाके में आए तेज आंधी-पानी के कारण दो रातों तक निर्माण कार्य काफी प्रभावित हुआ था। हालांकि, अब मौसम साफ होने के बाद दिन और रात दोनों पारियों में युद्धस्तर पर काम चल रहा है। बीआरओ ने दावा किया है कि मई महीने के अंत तक इसका निर्माण पूरा हो जाएगा।
तीसरे बेली ब्रिज के तैयार होते ही बिहार राज्य पुल निर्माण निगम और आईआईटी पटना की संयुक्त टीम हरकत में आएगी। यह विशेषज्ञ टीम तीनों बेली ब्रिज का एक साथ तकनीकी परीक्षण और कड़ा ट्रायल करेगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही इस मार्ग पर वाहनों को चलाने की हरी झंडी मिलेगी।
अधिकारियों ने बताया कि तकनीकी जांच और क्षमता के सही आकलन के बाद ही बसों और अन्य बड़े वाहनों के परिचालन पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। जिला प्रशासन ने आम जनता की सहूलियत के लिए जून के पहले सप्ताह से ही विक्रमशिला सेतु पर छोटी गाड़ियों का आवागमन हर हाल में बहाल करने का लक्ष्य रखा है।
इस बीच, आईआईटी पटना और अन्य विशेषज्ञ एजेंसियां विक्रमशिला सेतु के मुख्य ढांचे की सुरक्षा जांच में लगातार जुटी हुई हैं। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के प्रबंध निदेशक जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुल की यह विशेष जांच अभी एक सप्ताह और चलेगी। इसके बाद ही आगे की मरम्मत की रणनीति तय होगी।
Author: Amit Yadav


