मुजफ्फरपुर में दो चचेरी बहनों की मौत का खौफनाक सच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पुलिस का दावा झूठा साबित, कांप जाएगी रूह

Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद चौंकाने वाला और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। रामपुरहरि थाना क्षेत्र में दो चचेरी बहनों के शव मिलने के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने पुलिस के दावों की धज्जियां उड़ा दी हैं। रिपोर्ट से साफ हुआ है कि दोनों मासूमों की बेरहमी से हत्या की गई थी।

विदित हो कि बीते 13 मई को रामपुरहरि थाना क्षेत्र में 11 मई से लापता दो चचेरी बहनों (12 वर्ष और 7 वर्ष) के शव मिले थे। दोनों के शव घर से महज 200 मीटर दूर एक चिमनी के पानी भरे गड्ढे से बरामद हुए थे। पुलिस ने शुरू से ही इसे पानी में डूबने से हुई मौत का मामला बताया था।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बर्बरता का खुलासा

एसकेएमसीएच के एफएमटी विभाग द्वारा जारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, दोनों किशोरियों की किसी भारी और कड़ी वस्तु से प्रहार करके बेरहमी से हत्या की गई थी। डॉक्टरों के मुताबिक, अपहरण की रात ही दोनों मासूमों को मौत के घाट उतार दिया गया था। दोनों के शरीर पर चोट के निशान मौत से पहले के हैं।

पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को दोनों बच्चियों की छाती, चेहरे की मांसपेशियां, पसलियां, लीवर और फेफड़े पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिले हैं। छाती में खून के थक्के जमा थे। इसके अलावा, 12 वर्षीय किशोरी के नाजुक अंगों में भी खून जमा पाया गया है। गर्दन की मांसपेशियों का ऊपरी हिस्सा गायब था।

इतने भयानक और पुख्ता सबूत सामने आने के बाद भी रामपुरहरि थाना पुलिस अब तक अपने डूबने वाले दावे पर ही कायम है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में दोनों किशोरियां गड्ढे की तरफ जाती दिखी थीं। हालांकि, घटना के 14 दिन बीतने के बाद भी पुलिस हत्या के कारणों का पता नहीं लगा सकी है।

इस पूरे मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस पहले ही दिन से हत्या के बिंदु पर जांच करने से कतरा रही है। दुष्कर्म की पुष्टि के लिए अभी पैथोलॉजी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। गांव में इस जघन्य हत्याकांड को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं और भारी आक्रोश है।

दूसरी तरफ, 12 वर्षीय मृतका के पिता ने बताया कि उन्हें अब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं मिली है। वह पुलिस के दावों को सही मानकर डूबने से मौत की सूरत में मिलने वाले सरकारी मुआवजे के लिए आवेदन दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि रिपोर्ट मिलने के बाद ही वे आगे का कोई फैसला लेंगे।

Author: Amit Yadav

Hot this week

Related Articles

Popular Categories