अब राशन दुकानों पर मिलेगा कोयला, एलपीजी संकट के बीच सरकार का बड़ा फैसला, गरीबों को मिलेगी राहत

Patna News: बिहार में घरेलू गैस की किल्लत से जूझ रहे आम उपभोक्ताओं के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण खबर आ रही है। एलपीजी की उपलब्धता में आ रही दिक्कतों को देखते हुए राज्य सरकार अब आम लोगों को वैकल्पिक ईंधन देने की तैयारी में है। इसके तहत अब राशन दुकानों के जरिए कोयला बांटा जाएगा।

खान एवं भूतत्व विभाग की एक उच्चस्तरीय बैठक में इस नई व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई है। सरकार के इस बड़े फैसले के बाद विभाग ने धरातल पर काम भी शुरू कर दिया है। राज्य के खान एवं भूतत्व मंत्री प्रमोद कुमार ने खुद इस पूरी योजना की आधिकारिक पुष्टि की है।

गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को ध्यान में रखकर लिया फैसला

विभागीय सूत्रों के अनुसार, सरकार का मानना है कि गैस की कमी का सबसे बुरा असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। ऐसे में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के मजबूत नेटवर्क का इस्तेमाल करके लोगों तक आसानी से कोयला पहुंचाया जा सकता है। इससे घरेलू ईंधन की समस्या काफी हद तक कम होगी।

इस नई योजना के तहत जिला स्तर पर थोक कोयला विक्रेताओं का चयन किया जाएगा। ये थोक विक्रेता सीधे पीडीएस डीलरों को कोयले की आपूर्ति करेंगे। इस संबंध में निदेशक, खान तथा महाप्रबंधक, बीएसएमसीएल को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों को यह काम समय पर पूरा करने को कहा गया है।

इस पूरी वितरण प्रणाली की विभाग के स्तर पर कड़ी मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि इसमें कोई गड़बड़ी न हो। पीडीएस दुकानों के जरिए कोयला मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ शहरी गरीब परिवारों को भी बड़ी राहत मिलेगी। जिन इलाकों में गैस सिलेंडर की किल्लत ज्यादा है, वहां यह व्यवस्था बड़ा सहारा बनेगी।

विभाग अब इस योजना के संचालन की रूपरेखा, आपूर्ति व्यवस्था और वितरण के नियमों को अंतिम रूप देने में जुटा है। माना जा रहा है कि कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी जिलों में चरणबद्ध तरीके से कोयला वितरण शुरू होगा। हालांकि, मंत्री के अनुसार एलपीजी की आपूर्ति में बहुत ज्यादा समस्या नहीं है।

मंत्री प्रमोद कुमार ने साफ किया कि लोगों को गैस सिलेंडर मिल रहे हैं। इसके बावजूद जिन क्षेत्रों में एलपीजी की आपूर्ति थोड़ी बहुत भी प्रभावित हुई है, वहां पीडीएस दुकानों से कोयला मिलने पर लोगों को राहत मिलेगी। इस व्यवस्था को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने की पूरी पहल शुरू हो चुकी है।

Author: Amit Yadav

Hot this week

Related Articles

Popular Categories