Bihar News: बिहार पुलिस के बेड़े में अब 652 जांबाज महिला कमांडो शामिल हो गई हैं। मोकामाघाट ग्रुप सेंटर में 270 दिनों की बेहद कठिन ट्रेनिंग पूरी करने के बाद, इन बेटियों ने देश की सुरक्षा और आतंकवाद के खात्मे की शपथ ली है। दीक्षा परेड के दौरान इन महिला कमांडो के हौसले और उनके घातक कौशल को देखकर सभी दंग रह गए।
इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के कई आला अधिकारी मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिदेशक (प्रशिक्षण) निर्मल कुमार आजाद और सीआरपीएफ बिहार सेक्टर के आईजी राजकुमार ने परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने इन बेटियों के जज्बे को सलाम करते हुए कहा कि ये कमांडो राज्य की कानून-व्यवस्था को नई मजबूती देंगी।
माता-पिता की आंखों में आए गर्व के आंसू
कार्यक्रम के दौरान का दृश्य बेहद भावुक करने वाला था। तपती धूप में कदमताल करती अपनी बेटियों को देखकर अभिभावकों की आंखें गर्व से नम हो गईं। समारोह के समापन पर जब कमांडो बेटियों ने अपनी पगड़ी अपने पिताओं के सिर पर सजाई, तो वहां मौजूद हर शख्स का दिल भर आया। यह क्षण उनके परिवार के लिए गौरव का पल था।
इस कठिन प्रशिक्षण में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली छह कमांडो—जूही, निशा, स्वीटी, अंजना, साक्षी और दीपा राज को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन कमांडो की तैनाती अब राज्य के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में की जाएगी। अब ये प्रशिक्षित बेटियां किसी भी आतंकी खतरे का सामना करने और देश की आंतरिक सुरक्षा को सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह मुस्तैद हैं।
Author: Amit Yadav

