Lucknow News: ग्लास्गो में 23 जुलाई से शुरू होने जा रहे राष्ट्रमंडल खेलों (कॉमनवेल्थ गेम्स) के लिए एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया ने 32 सदस्यीय भारतीय टीम का एलान कर दिया है। ओलिंपिक के बाद इस सबसे बड़े खेल महाकुंभ के लिए घोषित भारतीय दल में उत्तर प्रदेश के 5 बेहतरीन एथलीटों को जगह मिली है।
हाकी, निशानेबाजी और कुश्ती के बाहर होने से घटी खिलाड़ियों की संख्या
भारतीय ओलिंपिक संघ जल्द ही पूरे भारतीय दल की आधिकारिक घोषणा करेगा। इस बार राष्ट्रमंडल खेलों में हाकी, निशानेबाजी, बैडमिंटन और कुश्ती जैसे प्रमुख खेलों को शामिल नहीं किया गया है। इन बड़े खेलों के हटने की वजह से ही इस बार पूरे दल में उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों की कुल संख्या काफी कम हो गई है।
भारतीय टीम में शामिल उत्तर प्रदेश के पांच एथलीटों में मेरठ की लंबी दूरी की स्टार धाविका पारुल चौधरी, पैदल चाल एथलीट प्रियंका गोस्वामी, अलीगढ़ के धावक गुलवीर सिंह, जौनपुर के जैवलिन थ्रोअर रोहित यादव और प्रयागराज के पोलवाल्टर कुलदीप कुमार प्रमुख हैं। पैरा एथलीटों की फाइनल लिस्ट में भी राज्य के नाम शामिल हैं।
गुलवीर सिंह और पारुल चौधरी के नाम दर्ज हैं कई नेशनल रिकॉर्ड्स
अलीगढ़ के गुलवीर सिंह के नाम वर्तमान में 3000, 5000 और 10000 मीटर के साथ हाफ मैराथन का नेशनल रिकॉर्ड दर्ज है। वह 10000 मीटर की दौड़ 27 मिनट में पूरी करने वाले देश के इकलौते धावक हैं। वहीं मेरठ की पारुल चौधरी के नाम 3000 मीटर स्टीपलचेज और 5000 मीटर का नेशनल रिकॉर्ड है।
पैदल चाल एथलीट प्रियंका गोस्वामी ने पिछले बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में सिल्वर मेडल जीता था, जिससे इस बार भी उनसे मेडल की पूरी उम्मीद है। जौनपुर के रोहित यादव ने 87.05 मीटर थ्रो कर नए मीट रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता है और एशियन गेम्स 2026 के लिए भी अपना टिकट पक्का कर लिया है।
प्रयागराज के पोलवाल्टर कुलदीप कुमार को मिला ग्लास्गो का टिकट
प्रयागराज के रहने वाले बेहतरीन पोलवाल्टर कुलदीप कुमार देश के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 5.41 मीटर का बैरियर पार करने का बड़ा रिकॉर्ड बनाया है। मौजूदा समय में मध्य प्रदेश में प्रैक्टिस कर रहे कुलदीप ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर इस बार ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों का टिकट हासिल किया है।

