Chandigarh News: मानसून के दस्तक देते ही देश में डेंगू का खतरा काफी बढ़ गया है। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने आम जनता को सचेत करते हुए बड़ी राहत दी है। उन्होंने बताया कि राज्य के सभी जिला नागरिक अस्पतालों में प्लेटलेट्स की सुविधा पूरी तरह मुफ्त मिलेगी।
सरकारी अस्पतालों में मुफ्त डेंगू जांच प्रयोगशालाएं शुरू
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार प्रदेश के सभी जिलों के नागरिक अस्पतालों में कुल 27 सरकारी डेंगू जांच प्रयोगशालाएं एक्टिव की गई हैं। इन लैब्स में मरीजों के लिए डेंगू की जांच पूरी तरह निःशुल्क की जा रही है। सरकार का मुख्य उद्देश्य समय पर बीमारी की पहचान करना है।
प्राइवेट लैब्स के लिए टेस्ट की फीस तय
आरती राव ने प्राइवेट लैब्स की मनमानी रोकने के लिए भी कड़े निर्देश जारी किए हैं। अब सभी प्राइवेट लैब्स को एलाइजा आधारित एनएस-1 और आईजीएम डेंगू टेस्ट के लिए अधिकतम 600 रुपये ही लेने होंगे। नियमों का उल्लंघन करने वाले सेंटर्स पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।
जुलाई को डेंगू रोधी महीना मनाने की अपील
स्वास्थ्य मंत्री ने आम जनता से अपील की है कि वे जुलाई को डेंगू रोधी महीने के रूप में मनाएं। उन्होंने लोगों को अपने आस-पास पानी जमा न होने देने की सलाह दी है। इसके साथ ही उन्होंने घरों और दफ्तरों को साफ रखने की बात कही है।
हफ्ते में दो दिन सूखा दिवस मनाना जरूरी
डेंगू के मच्छरों को पनपने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने विशेष गाइडलाइन जारी की है। नागरिकों को प्रत्येक रविवार को अपने घरों में सूखा दिवस मनाने को कहा गया है। इसके अलावा सभी सरकारी और प्राइवेट कार्यालयों में हर शुक्रवार को सूखा दिवस मनाना अनिवार्य होगा।

